
दुर्ग न्यूज, 22 जनवरी।♦बिलासपुर जिले में रतनपुर थाना क्षेत्र में देर रात हुए सड़क हादसे के बाद कार में भीषण आग लग गई। जिससे कार सवार 3 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग ने कार को इतनी तेजी से अपनी चपेट में लिया कि कार सवारों को अपनी जान बचाने तक का मौका नहीं मिल पाया। तीनों सवारों के कंकाल कार से बरामद हुए हैं। पुलिस का कहना है कि मरने वालों की संख्या 3 से अधिक भी हो सकती है।

एसडीओपी कोटा आशीष अरोड़ा ने बताया कि कार में जितने लोग बैठे थे, वो सब बुरी तरह से जल गए हैं। किसी के शरीर पर मांस तक नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि अभी ये भी बता पाना मुश्किल है कि कार में कितने लोग सवार थे और वे कहां से कहां जाने के लिए निकले थे। आग बुझाने के बाद भी उसमें से अभी तक धुआं निकल रहा है। आशीष अरोड़ा ने बताया कि कार बिलासपुर के तोरवा क्षेत्र की है।
दुर्घटना रतनपुर-पेंड्रा मार्ग के ग्राम खैरा और पोड़ी के बीच स्थित देसी मसाला दुकान के पास हुआ है। घटना रात 1-2 के बीच की बताई जा रही है। रतनपुर से पेंड्रा जाने वाली रोड पर ये हादसा हुआ है। आरएमकेके रोड पर पोंड़ी गांव में मसाला दुकान के आगे एक कार जो बिलासपुर से पेंड्रा की ओर जा रही थी, देर रात अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में देखते ही देखते आग लग गई और कार सवार जिंदा ही जल गए। आग इतनी भीषण थी कि उनकी हड्डियां तक जलकर राख हो गईं।

राहगीरों ने अपने स्तर पर लोगों को बचाने का प्रयास जरूर किया लेकिन वे भी कुछ नहीं कर सके। हादसे में मरने वालों की संख्या फिलहाल 3 है, लेकिन आशंका ये भी जताई जा रही है कि कार में 4 लोग सवार हो सकते हैं। कार का नंबर सीजी 10 बीडी 7861 है। पुलिस की जांच में पता चला है कि कार शाहनवाज नाम के शख्स की है हालांकि कार में कौन लोग सवार थे और उनमें शाहनवाज था या नहीं, इसका भी पता लगाया जा रहा है। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। कार के भीतर 3 शवों की हड्डियां दिखाई दे रही हैं। बिलासपुर से एफएसएल टीम बुलाई गई है। सैंपल इकट्ठे किए जा रहे हैं, जो जांच के लिए भेजे जाएंगे। रतनपुर थाना पुलिस मौके पर मौजूद है। पुलिस कार नंबर के आधार पर उसके मालिक और उनके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है। इसके बाद ही पता चल सकेगा कि कार में कौन और कितने लोग सवार थे। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
