भाजपा डरी हुई, हम मजबूती से चुनाव लड़ रहे: दीपक बैज

Share this

दुर्ग न्यूज़, 8 अप्रैल। लोकसभा चुनाव के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। राजनीतिक पार्टियां लगातार एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रही हैं। वहीं डिप्टी सीएम अरुण साव के कांग्रेस पर बिन दूल्हे की बारात के दिए बयान पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि हमारे पास दूल्हा और बाराती दोनों हैं। बीजेपी डरी हुई है इसलिए ऐसा बयान दे रही है। इसके साथ ही दीपक बैज ने पीएम मोदी के दौरे और कांग्रेस छोड़कर जा रहे नेताओं के भाजपा में शामिल होने पर भी बयान दिया है।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के भाजपा प्रवेश पर दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस मजबूती से चुनाव लड़ रही है। जमीन स्तर पर कार्यकर्ता काम कर रहे हैं। भाजपा हमारे कई नेताओं को डराने-धमकाने का प्रयास कर रही है। भाजपा दबाव की राजनीति कर रही है। चुनाव का मेला है,आना-जाना लगा रहता है। इससे कांग्रेस को फर्क नहीं पड़ने वाला है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास दूल्हा भी है और बाराती भी हैं। कवासी लखमा से बड़ा कोई दूल्हा हो सकता है क्या ? कांग्रेस का घोषणा पत्र देखकर भाजपा बौखला गई है। इसलिए जहां भी राष्ट्रीय नेता जा रहे हैं कांग्रेस के पक्ष में माहौल है। भाजपा डरी हुई है इसलिए ऐसा बयान दे रही है। प्रधानमंत्री मोदी के बस्तर दौरे पर तंज कसते हुए कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि जब भी चुनाव होता है तब प्रधानमंत्री और केंद्र के नेता बस्तर आते हैं। चुनाव के बाद कोई बस्तर झांक कर नहीं देखता। प्रधानमंत्री मोदी का बस्तर में स्वागत है। प्रधानमंत्री को बस्तर में जवाब देना चाहिए जो कांग्रेस सरकार ने आरक्षण पास किया उसे राजभवन में आपकी सरकार ने क्यों रोक रखा है। क्या आप आरक्षण देंगे आदिवासियों को? बस्तर को कहा था कि नगरनार नहीं बिकेगा पर केंद्र की बिकने वाली सूची में आज भी नगरनार शामिल है।

Share this
READ MORE  आकाशीय बिजली गिरने से दो किसान और नाबालिग की मौत