



गायक अंकन ने गीतों से बांधा समां, ओपन एयर थियेटर सिविक सेंटर में हुआ आयोजन

भिलाई। बंगाली समुदाय के लोगों द्वारा मंगलवार को पोइला बोइशाख बंगाली नववर्ष मनाया गया। भिलाई बंगाली समाज द्वारा ओपन एयर थियेटर सिविक सेंटर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आंधी तूफान के बाद भी लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। सैकड़ों की संख्या में लोग अपने परिवार के साथ उपस्थिति दर्ज कराते हुए नए-पुराने गीतों के साथ बंगाली नववर्ष का सेलिब्रेशन किए। इस दौरान बांग्ला कैलेंडर भी बांटे गए। आयोजन का यह 20 वां वर्ष था।
कार्यक्रम का शुभारंभ भिलाई बंगाली समाज के संरक्षक मानव सेन, अध्यक्ष सुप्रोभात पाल, पूर्व अध्यक्ष डीके दत्ता व अन्य पदाधिकारियों द्वारा मां सरस्वती देवी की पूजा अर्चना के साथ हुआ। कार्यक्रम में जी बांग्ला सारेगामा फेम और उभरता हुआ प्लेबैक सिंगर अंकन ने अपने टीम के साथ सुमधुर नए व पुराने हिंदी और बांग्ला गीतों की प्रस्तुति दी। एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों से गायक अंकन ने समां बांधा। इस मौके पर लोगों ने एक-दूसरे को नए साल की बधाई व शुभकामनाएं देते हुए जश्न मनाया।
लीजेंड ऑफ बंगाल की गैलरी
आयोजन स्थल पर बंगाल के इतिहास और संस्कृति से जुड़ी लीजेंड ऑफ बंगाल नाम से एक गैलरी भी बनाई गई थी। इसमें अपने कर्म, साहस, भक्ति, त्याग एवं तेज से बंगाल व देश को गौरवशाली बनाने वाले लोगों का जीवन परिचय प्रदर्शित किया गया। इसमें चैतन्य महाप्रभु, रानी रासमणी, ईश्वर चन्द्र विद्यासागर, राजा राम मोहन राय, रबिन्द्र नाथ ठाकुर, रामकृष्ण परमहंस, सर आशुतोष मुखर्जी, राजेन्द्र नाथ मुखर्जी, शरत चन्द्र चट्टोपाध्याय, जगदीश चन्द्र बोस, स्वामी विवेकानंद आदि की जीवन परिचय को दर्शाया गया। मंच संचालक के दौरान राजदीप सेन ने कहा कि आज के युवा अपना इतिहास भूलते जा रहे हैं। यह गैलरी इसलिए लगाई गई है ताकि आज के युवा पीढ़ी न केवल बंगाल के नायकों को याद करेंगे बल्कि उनसे प्रेरणा लेकर अपने जीवन को भी नई दिशा देने में कामयाब होंगे।
