



भिलाई। दुर्ग जिले में एक युवक 29 नकली नोटों के साथ पकड़ा गया है। उसके पास से कुल 11,200 रुपए बरामद किए गए हैं। आरोपी नकली नोट लेकर एक बेकरी में आइसक्रीम खाने गया था, लेकिन दुकानदार को शक होने पर अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए उसने पुलिस को बुला लिया। मामला पुरानी भिलाई तीन थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार नकली नोट खपाने की कोशिश कर रहे उस युवक को पुरानी भिलाई पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। चरोदा ज्योति विद्यालय के पास स्थित जलाराम बेकरी में आरोपी नरेद्र सिंह आइसक्रीम खरीदने के बहाने पहुंचा था। दुकानदार को उसने 500 रुपए का नकली नोट दिया। नोट को देखकर दुकानदार को उसके नकली होने का शक हुआ। उसे बातों में उलझाए रखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाशी ली तो उसकी जेब से 500 रुपए के 18 नकली नोट और 200 रुपए के 11 नकली नोट बरामद किए गए। पुलिस आगे कार्रवाई कर रही है।

