भारतीय मजदूर संघ दुनिया का सबसे बड़ा संघ: उप मुख्यमंत्री साव‌, स्थापना दिवस कार्यक्रम में हुए शामिल

Share this

भिलाई में संघ के भवन निर्माण हेतु सहयोग का दिलाया भरोसा

दुर्ग। उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में आज बैकुंठ नगर भिलाई के अंबेडकर भवन में भारतीय मजदूर संघ स्थापना दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय ने की। इस अवसर पर वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चन्द्राकर एवं दुर्ग महापौर श्रीमती अलका बाघमार विशिष्ठ अतिथि के रूप में मौजूद थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि आज हम सब भारतीय मजदूर संघ का 70वां स्वर्णिम स्थापना दिवस मना रहे हैं। उन्होंने संघ के पदाधिकारियों और सभी मजदूर भाईयों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि मजदूर भाईयों ने विगत 70 साल से भारतीय मजदूर संघ के अलावा देश को रचनात्मक दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा भारतीय मजदूर संघ दुनिया का सबसे बड़ा संघ है। इस संघ ने देश को आत्मनिर्भर बनाने में सरकार और मजदूरों के मध्य सेतु का कार्य किया है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की मोदी सरकार समाज के सभी वर्गों के हित में कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार भी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में इस दिशा में कार्य कर रही है। श्रमिक कल्याण सर्वाेपरि प्राथमिकता में है। उपमुख्यमंत्री ने विधायक श्री सेन की मांगों का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय मजदूर संघ भिलाई में जमीन आदि की व्यवस्था करा ले। भवन निर्माण के लिये हर सम्भव सहयोग दिया जाएगा।

READ MORE  शहीद जवानों को DGP ने दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम के अध्यक्ष पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडे ने सभी मजदूर भाइयों को बधाई दी। उन्होंने भारत की आजादी के बाद गठित विभिन्न मजदूर संघो और उनकी विचारधारा पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला।

विधायक रिकेश सेन ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ एक संगठन नहीं विचारधारा है। संघ का आज 70वां स्थापना दिवस है। उन्होंने संघ के पदाधिकारियों के विभिन्न मांगों की ओर मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री श्री साव का ध्यान आकृष्ट किया।
विधायक ललित चन्द्राकर ने कहा कि संगठन मजदूरों के हित के साथ राष्ट्रीय हित के लिये भी काम करते आ रहा है। उन्होंने कहा कि भिलाई में बड़ी संख्या में मजदूर भाई विभिन्न औद्योगिक संस्थानों में कार्यरत् हैं। ये सभी भारतीय मजदूर संघ से जुड़े हैं। इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित थे।

Share this