
देवघर। सावन में करोड़ों की संख्या में शिवभक्त कांवड़ यात्रा में भाग लेते हैं। इनमें से बड़ी संख्या में कांवड़िए झारखंड स्थित ज्योतिर्लिंग वैद्यनाथ धाम भी पहुंचते हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान झारखंड के देवघर में बड़ा हादसा हो गया है। मंगलवार को हुई इस दुर्घटना में अब तक 18 कांवड़ियों की मौत की खबर सामने आ रही है। वहीं, कई अन्य घायल भी बताए जा रहे हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया है कि कांवड़ियों को ले जा रही बस गैस सिलेंडर ले लदे एक ट्रक से टकरा गई। ये हादसा तड़के करीब 4:30 बजे मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया जंगल के पास हुआ है।
इस हादसे को लेकर पहले दुमका जोन के महानिरीक्षक ने बताया था कि इस हादसे में कम से कम 5 कांवड़ियों की मौत हुई है। वहीं, यातायात पुलिस उपअधीक्षक लक्ष्मण प्रसाद ने कहा कि दुर्घटना में कम से कम नौ लोगों की मौत हुई है। अब भाजपा नेता और क्षेत्र के सांसद निशिकांत दुबे ने पुष्टि की है कि इस हादसे में 18 कांवड़ियों की मौत हो गई है। उन्होंने अपने X हैंडल पर लिखा- “मेरे लोकसभा के देवघर में श्रावण मास में कांवर यात्रा के दौरान बस और ट्रक में टक्कर होने के कारण 18 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। बाबा बैद्यनाथ जी उनके परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।”
हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका
हादसे के बाद जिला प्रशासन की ओर से लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया है। घायलों को पास के अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचाया जा रहा है। हादसे में कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं जिस कारण हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
