सेक्टर-6 सोसाइटी से जुड़े बीएसपी कर्मियों को मिलेगा 10 प्रतिशत लाभांश

Share this

62 वीं वार्षिक आमसभा में सर्वसम्मति से बजट का अनुमोदन

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्मिकों की सबसे पुरानी एवं प्रतिष्ठित सहकारी संस्था इस्पात कर्मचारी को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी लिमिटेड सेक्टर-6 भिलाई नगर की 62 वीं वार्षिक आम सभा रविवार को हुई। इस दौरान अध्यक्ष बृज बिहारी मिश्र ने संस्था की उपलब्धियों एवं वित्तीय स्थिति के बारे में अपना वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने सभा को बताया कि वर्ष 2024-25 में सोसाइटी का सकल लाभ 5 करोड़ 36 लाख, 26 हजार 381 रूपए तथा शुद्ध लाभ 2 करोड़, 69 लाख 171 रूपए हुआ है। बेहतर वित्तीय परिणामों के आधार पर उन्होंने मौजूदा वित्तीय वर्ष में 10 प्रतिशत लाभांश वितरित करने की घोषणा की।

अध्यक्ष श्री मिश्र बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंत तक सोसाइटी की कुल अंश पूंजी 4 करोड़, 53 लाख , 56 हजार, 869 रूपए हो गई है। वहीं कुल अमानत 29 करोड़, 11 लाख, 18 हजार 650 रुपए हैं।

श्री मिश्र ने सदस्यों को बताया कि सोसाइटी द्वारा अपने सदस्यों को 5 लाख तक नियमित ऋण में बीमा पॉलिसी की छूट दी जा रही है। वर्तमान में आकस्मिक ऋण की सीमा तीन लाख है। आमसभा में संस्था के विकास एवं सदस्यों के हितार्थ कई अन्य महत्वपूर्ण सुझाव भी सदस्यों से प्राप्त हुए। जिन्हें परीक्षण के उपरांत भविष्य में लागू करने का निर्णय लिया गया। आमसभा के दौरान मंच पर संस्था की उपाध्यक्ष श्रीमती इंदरजीत कौर,अमिताभ वर्मा व संचालक मंडल के सदस्यगण विनोद कुमार वासनिक, केपी चंद्राकर, हरिराम यादव, पवन कुमार साहू, नीरजा शर्मा, जैनेंद्र कुमार गहिने एवं संस्था के प्रतिनिधिगण शैलेश कुमार सिंह, सुनील कुमार शर्मा एवं तरुण कुमार ध्रुव की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन प्रबंधक एम.मुरलीधर ने तथा आभार प्रदर्शन उपाध्यक्ष श्रीमती इंदरजीत कौर ने किया।

READ MORE  सीएम साय ने प्रदेशव्यापी धान खरीदी का किया शुभारंभ

सदस्य घटे लेकिन बढ़ता गया विश्वास

आमसभा में अध्यक्ष बृज बिहारी मिश्र ने आमसभा को बताया कि विगत 62 वर्षों में सोसाइटी ने उत्तरोत्तर प्रगति करते हुए एक अरब 7 करोड़ रूपए की पूंजी अर्जित कर प्रदेश के सहकारी आंदोलन में एक कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 में 76 नए सदस्य बनें है और इस तरह वर्षांत में सदस्यों की कुल संख्या 33 हजार 274 है। इनमें 31 हजार 260 सदस्य कुटुंब सहायक योजना के अंतर्गत शामिल हैं। वहीं अब तक 29 हजार 347 की सदस्यता विभिन्न कारणों से समाप्त हुई है। ऐसे में 31 मार्च 2025 को वास्तविक सदस्य संख्या 3 हजार 927 है। उन्होंने बताया कि घटती सदस्य संख्या के बावजूद सोसाइटी ने अपने व्यवसाय में उल्लेखनीय वृद्धि की है और सदस्यों का विश्वास बढ़ा है।

Share this