राष्ट्रीय योग स्पर्धा: विभिन्न राज्यों के युवाओं ने दिखाया शानदार कौशल 

Share this

दूसरे दिन अलग-अलग वर्ग में हुए प्रदर्शन

भिलाई। अग्रसेन भवन सेक्टर-6 में चल रही छठवीं राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता के दूसरे दिन देश के विभिन्न राज्यों से आए युवा खिलाड़ियों ने उत्साह और अनुशासनपूर्ण वातावरण में अपने योग कौशल का प्रदर्शन किया। इन नौजवानों के प्रदर्शन देखकर दर्शक भी हैरान रह गए।

प्रतियोगिता के इस चरण में सीनियर वर्ग व सीनियर वर्ग “अ” में आर्टिस्टिक पेयर बैक बेंडिंग, फॉरवर्ड बेंडिंग स्पर्धाएँ आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने कठिन आसनों का प्रदर्शन कर दर्शकों और निर्णायकों की सराहना प्राप्त की। निर्णायक मंडल ने प्रतियोगियों के आसन की शुद्धता, संतुलन, लय और एकाग्रता को मूल्यांकन का आधार बनाया। प्रतियोगिता स्थल पर दर्शकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही और वातावरण “योगमय” बना रहा। शुक्रवार को प्रथम चरण के सत्र में अतिथि के रूप राकेश दुबे पतंजलि योग समिति रायपुर, लेखू राम साहू समाज सेवी दुर्ग, सुरेश चंद्रवंशी युवा भारत सदस्य कवर्धा और मथुरेश्वर चंद्राकर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

फॉरवर्ड बेंडिंग में छा गए युवा

प्रतियोगिता में दूसरे दिन शुक्रवार को सीनियर वर्ग व सीनियर वर्ग “अ” में फॉरवर्ड बेंडिंग में शोना मुर्मू हरियाणा, शियालकृष्ण गुजरात और रविकुमार मध्यप्रदेश ने अपना योग कौशल दिखाया। इसी तरह रिदमिक आर्टिस्टिक पेयर में ऋतिका पंजाब,रचना महाराष्ट्र,कनिका उत्तरप्रदेश और वैशाली चौहान मध्य प्रदेश छायी रही। सीनियर वर्ग से आदर्श पांडे मध्यप्रदेश, धनुष ओडीशा, ध्रुव पोखरियाल उत्तराखंड, अंकित कुमार गुजरात ने फारवर्ड बेंडिंग स्टैंडिंग जैसे विभिन्न विधाओं में अपने योगासनों का जौहर दिखाया। इनके अलावा जयश्री चावड़ा गुजरात, पूजा साहा त्रिपुरा, रूबी यादव छत्तीसगढ़, पम्मी कुमारी झारखंड, भूमिका पाटीदार मध्यप्रदेश, सोनिया राजस्थान, एजाज अहमद जम्मू कश्मीर, रितेश खुशली गोवा, जयदीप त्रिपुरा ,लोकेश साहू छत्तीसगढ़ और ओमप्रकाश गुप्ता छत्तीसगढ़ का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा।

READ MORE  शिवेंद्र सिंह परिहार बनाए गए साइंस कालेज जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष

योग भारतीय संस्कृति की धरोहर: बघेल

छठवीं राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ 11 सितंबर की शाम अग्रसेन भवन सेक्टर-6 में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने दीप प्रज्वलन कर किया। देशभर से आए अलग अलग प्रतिभागियों ने सामूहिक संगीतमय योगासन प्रस्तुत कर उद्घाटन समारोह को विशेष बना दिया। इस दौरान श्री बघेल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की धरोहर है, जो युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित और आत्मविश्वासी बनाता है। विशिष्ट अतिथि वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने अपने उद्बोधन में कहा कि योग हमारी सांस्कृतिक पहचान है और इसने पूरी दुनिया को स्वस्थ्य तन और स्वस्थ मन का विचार दिया है। योगासन भारत के सदस्य शैलेंद्र विशी ने कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी दी। छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गोस्वामी जयंत विष्णु भारती ने बताया कि विश्व में योग के प्रचार प्रसार हेतु भारत सरकार निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में योगासन भारत के निर्देशन में छठवीं राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। आभार प्रदर्शन छत्तीसगढ़ योगासना स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव डॉ मेजर सिंह ने किया।

Share this