नशा के विरुद्ध जागरूकता के लिए युवाओं ने लगाई दौड़

Share this


रजत जयंती महोत्सव के तहत समाज कल्याण विभाग का आयोजन

दुर्ग। रजत जयंती महोत्सव के अवसर पर 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक जिले में सेवा पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत आज नशामुक्त भारत अभियान अंतर्गत नशामुक्ति थीम पर मैराथन का आयोजन महात्मा गांधी चौक हिन्दी भवन के सामने दुर्ग में जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग दुर्ग द्वारा किया गया। जिसमें लगभग 200 छात्र/छात्राएं सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का प्रारंभ महात्मा गांधी की पूजा अर्चना, दीप प्रज्जवलन के साथ किया गया। उसके पश्चात् मैराथन दौड़ में सम्मिलित सभी प्रतिभागियों को उपस्थित जनप्रतिधियों एवं अधिकारियों द्वारा हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। यह मैराथन दौड़ महात्मा गांधी चौक से नगर निगम दुर्ग होते हुए पुनः वापस महात्मा गांधी चौक में समाप्त हुई। उक्त अवसर पर सम्मिलित छात्र/छात्राओं को नशामुक्ति पर आधारित स्लोगन लिखे टी-शर्ट का वितरण किया गया। उक्त कार्यक्रम में मुख्य रुप से वेदनारायण चन्द्राकर पार्षद, लीलाधर पाल, पार्षद एवं मेयर इन कॉउंसिलिंग मेंबर, सुमीत अग्रवाल, आयुक्त नगर निगम दुर्ग, उपसंचालक, समाज कल्याण एपी गौतम, श्रीमती शुक्ला जिला शिक्षा विभाग दुर्ग, तरुण साहू, साइंस कॉलेज दुर्ग तथा समाज कल्याण विभाग दुर्ग के अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण एवं छात्र/छात्राएं उपस्थित रहे। उक्त कार्यक्रम में नशीले पदार्थों एवं मादक द्रव्यों के दुष्प्रभाव की जानकारी देते हुए ड्रग डिमांड की रोकथाम एवं इसमें कमी लाने संबंधी जानकारी देकर समस्त प्रकार के नशीली वस्तुओं एवं मादक द्रव्यों से दूर रहने का आह्वान किया गया। उपस्थित जनसमुदाय ने जनजागरुकता लाकर स्वस्थ एवं स्वच्छ समाज निर्माण करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अन्त में नशामुक्ति की शपथ दिलायी गई।

Share this
READ MORE  CBSE 10वीं रिजल्ट 2026: 93.70 बच्चे हुए पास, लड़कियों ने मारी बाजी,