सरगुजा में गड्ढे में गिरे हाथी का वन विभाग ने किया रेस्क्यू

Share this

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-2.jpeg

सरगुजा। सरगुजा जिले के सरगा गांव में सोमवार तड़के गांव में पहुंचा हाथी गहरे गड्ढे में गिरकर फंस गया। यह गड्ढा कुआं बनाने के लिए खोदा गया था। हाथी को बाहर निकालने के लिए वन विभाग ने कुएं के बगल में जेसीबी से रास्ता खोदा। जिसके बाद हाथी खुद बाहर आकर जंगल की ओर चला गया। मामला सीतापुर वन परिक्षेत्र का है।

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-1.jpeg

जानकारी के मुताबिक, सीतापुर वन परिक्षेत्र में दल से अलग होकर विचरण कर रहा वयस्क हाथी रविवार रात ग्राम सरगा पहुंच गया। सुबह करीब 4 बजे एक घर के बगल से गुजर रहा था। तभी यह हाथी कुआं बनाने के लिए खोदे गए करीब 25 फीट गहरे गड्ढे में गिर गया। यह गड्ढा कच्चा था, जिसमें पानी और कीचड़ भरा था।

गड्ढे में गिरने के बाद परेशान हाथी की चिंघाड़ सुनकर लोगों की नींद खुली। लोगों को हाथी के गड्ढे में गिरने की जानकारी मिली तो वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई। वन अमला मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू के लिए अभियान शुरू किया गया।

सीतापुर फॉरेस्ट एसडीओ सपना मुखर्जी, रेंजर विजय तिवारी के साथ वन विभाग की टीम ने जेसीबी की मदद से गड्ढे तक स्लोप कटवाया। घंटों मशक्कत के बाद हाथी गड्ढे से बाहर निकला और खेतों से होते हुए जंगल की ओर चला गया।

सीतापुर में विचरण कर रहा हाथियों का दल

सीतापुर और मैनपाट वन परिक्षेत्र में 12 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। गड्ढे में गिरा हाथी भी इसी दल में शामिल था। वन विभाग ने हाथियों से सतर्क रहने और दूर रहने की सलाह लोगों को दी है। विचरण क्षेत्र में मुनादी भी कराई जा रही है।

READ MORE  CG IAS Transfer: प्रशासनिक फेरबदल में GPM कलेक्टर संतोष देवांगन हटाए गए, 5 IAS अधिकारियों के तबादले
Share this