कामधेनु विश्वविद्यालय में अंतर महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता मितान- 2025 का आगाज 

Share this

दुर्ग। दाऊ श्री वासुदेव चन्द्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय, दुर्ग में दो दिवसीय अंतर महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता मितान-2025 का शुभारंभ कुलपति डॉ.आरआरबी.सिंह के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि कुलसचिव डॉ.बीपी राठिया, अधिष्ठाता पशुचिकित्सा एवं पशुपालन महाविद्यालय, अंजोरा डॉ.संजय शाक्य, निदेशक शिक्षण डॉ.एस.पॉल, निदेशक जैव प्रौद्योगिकी डॉ.मीनू दुबे, विश्वविद्यालय जनसंपर्क अधिकारी डॉ.दिलीप चौधरी, प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण, क्रीडा अधिकारी बरत सिंह दीवान, डॉ.शबीर अनंत की उपस्थिति रही।

इस प्रतियोगिता में वेटनरी कॉलेज, अंजोरा, डेयरी टेक्नोलॉजी कॉलेज, रायपुर, मात्स्यिकी महाविद्यालय, कवर्धा एवं पॉलीटेक्निक के छात्र-छात्राओं के मध्य वालीबॉल, कबड्डी, खो-खो, टेबल-टेनिस, डिस्कस थ्रो, लंबी कूद जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं खेली गई। प्रतियोगिता में कल 19 नवंबर को भी स्पर्धाएं होंगी।

उद्घाटन के अवसर पर कुलपति डा सिंह ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल भावना से प्रेरित होकर खेले। जीतने से खुशी मिलती है तथा हारने पर और अच्छा करने की सीख मिलती है। छात्र जीवन में पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों का भी महत्वपूर्ण स्थान है इससे विद्यार्थियों का समग्र विकास होता है। मोबाइल और सोशल मीडिया के बढ़ते युग में खेलकूद हमें सक्रिय रखने एवं स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर कुलपति द्वारा सभी प्रतिभागियों को खेल भावना से खेलने की शपथ दिलाई गई।

अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ.मंजू रॉय ने छात्र-छात्राओं को भाईचारे की भावना से खेलने की सलाह देते हुए कहा कि मानसिक, शारीरिक एवं बौद्विक विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। युवावस्था विकास की महत्वपूर्ण अवस्था होती है। खेलकूद हमारी प्रतिभा को निखारने के साथ हमें अनुशासित एवं बेहतर इंसान बनाते हैं। खेल प्रतियोगिताओं में कुछ जीतेंगे और कुछ हारेंगे लेकिन हर प्रतियोगिता का उद्देश्य हमें अपने लक्ष्यों के प्रति और अधिक अनुशासित करना है।

READ MORE  आदिवासी समाज की संस्कृति को संरक्षित-सुरक्षित रखने की जरूरत: सांसद बघेल

कार्यक्रम का संचालन डॉ.आशुतोष तिवारी एवं आयोजन सचिव तथा विश्वविद्यालय क्रीडा अधिकारी श्री एवम् बरत सिंह दीवान द्वारा किया गया।

Share this