
असामाजिक तत्वों का लग रहा जमावड़ा

भिलाई नगर। सुपेला में प्राचीन शिव हनुमान मंदिर के पीछे बीते कुछ दिनों से रात को 10 से 12 बजे के बीच दो लड़कियां खड़ी रहती हैं। उनके साथ कुछ सहयोगी युवक भी रहते हैं। ये युवतियां पहनावा और चाल-ढाल से शरीफ नहीं लगती हैं। उनके स्पाट पर आते ही आसपास चहल-पहल बढ़ जाती है। नर्सरी लाइन और सर्कस मैदान के सूनेपन का बेजा इस्तेमाल हो रहा है। लोगों को अंधेरे में पास की टपरियों में बैठे हुए भी देखा जा सकता है। बाइक और चारपहिया गाडियां अंधेरे में खड़ी कर दी जाती हैं। कई बार तो यहां ज़ोर-ज़ोर से गाली-गलौज भी होती है। इनमें से एक लड़का वहां डांस करते और तालियां बजाते नजर आता है। इस मंदिर के पास ही मूक-बधिर शाला और पत्रकार कालोनी है। इनकी संदिग्ध गतिविधियों के चलते लोगों में भय का माहौल बन रहा है। यहां कभी भी बड़ी अप्रिय घटना हो सकती है। बीती रात को लगभग 11 बजे पेट्रोलिंग गाड़ी वहां रुकी। उनकी उपस्थिति से ये लोग वहां से चले गए। इसी तरह यहां नियमित गश्त की आवश्यकता है।

