
भिलाईनगर। निगम भिलाई आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय एवं नगर पुलिस अधीक्षक से प्राप्त जानकारी के आधार पर निगम ने दुकानों में दबिश दी।कुछ दुकानदारों द्वारा चोरी छिपे चीनी मांझा का विक्रय करने की सूचना मिली थी। प्रतिबंधित चीनी मांझा पर रोक लगाने निगम एवं पुलिस प्रशासन ने आज कार्यवाही की।

निगम आयुक्त के निर्देश पर निगम एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा चीनी मांझा के विक्रय पर रोक लगाने दुकानों की जांच की गई। जांच के दौरान किसी भी दुकान में चीनी मांझा नहीं पाया गया। दुकानदारों को हिदायत दी गयी कि चीनी मांझा प्रतिबंधित है, इसकी खरीदी-बिक्री न करें। चीनी मांझा बहुत ही खतरनाक होता है, जिस पर कांच की परत लगी होती है। मांझा का धागा किसी नागरिक या बच्चों के शरीर को रगड़ दे तो कटने का डर रहता है। साथ ही इससे बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। इसीलिए यह पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है।
कार्यवाही के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी, सहायक राजस्व अधिकारी, बेदखली प्रभारी, जोन स्वास्थ्य अधिकारी, जोन स्वच्छता अधिकारी, सुपरवाइजर, बेदखली दल, सुपेला थाना के अधिकारी/कर्मचारी सहित अन्य उपस्थित रहे।

