
दुर्ग। ब्लड सेंटर जिला चिकित्सालय दुर्ग (ब्लड बैंक) में 25 जनवरी को प्रातः 9 बजे से शाम 5 बजे तक रक्तदान व रक्तदान उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। शिविर में रक्तदाताओं हेतु जिला चिकित्सालय दुर्ग में निःशुल्क वाहन पार्किंग सुविधा रहेगी। रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। ब्लड बैंक में रक्त की निरंतर उपलब्धता विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों के अधिक से अधिक आयोजन से ही सुनिश्चित किया जा सकता है।

दुर्घटना, आपातकालीन परस्थितियों में मरीजों के लिए रक्तदान कर पीड़ित मानवता की सेवा में जनसामान्य द्वारा अपना अमूल्य योगदान दिया जा सकता है। वजन के अनुसार स्वस्थ शरीर में 5 से 6 लीटर तक रक्त होता है जिसमें से रक्तदाताओं को 1 बार में केवल 350 ML ही रक्तदान करना होता है। रक्तदान के समय वजन, बीपी, हीमोग्लोबिन, ब्लडग्रुप, मलेरिया, एचआईवी, हेपेटाइटिस, वीडीआरएल की निःशुल्क जांच होती है। वयस्क लोग जिनकी उम्र 18 से 65 वर्ष हो, वजन 45 किलो से ऊपर हो एवं जिनका हीमोग्लोबिन 11 g/dl से ऊपर हो वह रक्तदान कर सकते हैं। हर 3 माह (90 दिन) के अंतराल पर पुरूष तथा हर 4 माह (120) दिन) के अंतराल पर महिला रक्तदान कर सकती है। हर बालिग एवं स्वस्थ व्यक्ति का कर्तव्य व दायित्व है कि जरूरतमंद मरीजों के लिये रक्तदान करें। जनसामान्य से अपील की गई है कि इस मानवीय कार्य में 25 जनवरी को सभी को रक्तदान के लिये प्रेरित करें एवं रक्तदान शिविर तक लाने में मदद करें ताकि रक्तदान से ब्लड बैंक में सभी ग्रुप्स के रक्त यूनिट उपलब्ध हो पाए।

