
रायपुर। विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के प्रतिनिधि मंडल ने राजेन्द्र कुमार राय, पूर्व विधायक गुण्डरदेही, जिला बालोद एवं कार्यकारी अध्यक्ष सर्व आदिवासी समाज के नेतृत्व में सौजन्य भेंट की। प्रतिनिधि मंडल द्वारा प्रदेश में अनुसूचित जनजातियों के संवैधानिक विषयों पर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में विशेष चर्चा हेतु सचिव स्तरीय बैठक की तिथि सुनिश्चित करने निवेदन किया गया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि पहले यह स्पष्ट किया जाए कि मुख्य सचिव के साथ प्रस्तावित बैठक के लिए कौन-कौन से बिंदु निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि होली के पश्चात समाज द्वारा तैयार एजेंडा सूची की एक प्रति अवलोकनार्थ प्रस्तुत की जाए, पश्चात बैठक की तिथि निर्धारित की जाएगी। प्रतिनिधि मंडल में बालमुकुंद ठाकुर, रूस्तम सिंह राय, जोगेंदर नायक, उपेंद्र ठाकुर, दौलतराम कुंजाम, अमरसिंह ठाकुर, अश्विनी पाल, धनीराम सहित अन्य शामिल थे।

