
▪️ आरोपी विनायक ताम्रकार के रिश्तेदारों के अतिक्रमण पर प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई

▪️ प्रकरण से संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही जारी
दुर्ग। थाना पुलगांव अंततर्गत अवैध अफीम की खेती के प्रकरण में मुख्य आरोपी विनायक ताम्रकार, निवासी तेमरापारा, जिला दुर्ग से जुड़े व्यक्तियों के संबंध में जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि उसके कुछ रिश्तेदारों द्वारा राजस्व भूमि पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर निर्माण किया गया है।

उक्त जानकारी प्राप्त होने पर राजस्व विभाग द्वारा भूमि अभिलेखों का परीक्षण किया गया, जिसमें संबंधित स्थान पर अतिक्रमण पाया गया। इसके पश्चात राजस्व विभाग, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम द्वारा समोदा में मौके पर पहुंचकर विधिवत कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को हटाया गया। यह बेजा कब्जा ब्रजेश ताम्रकार द्वारा ग्राम समोदा राजस्व निरीक्षक मंडल जेवरा सिरसा तहसील व जिला दुर्ग के अतंर्गत शासकीय घास भूमि खसरा नम्बर 778 रकबा 0.13 हेक्टेयर भूमि पर किये गये अवैध पक्का दुकान निर्माण, टीन शेेड लगाकर दुकान निर्माण तथा सीमेंट पोल लगाकर किया गया तार घेरा को हटाने की कार्रवाई की गई।
कार्यवाही के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा तथा प्रशासन द्वारा बुलडोजर के माध्यम से अतिक्रमण को हटाने की प्रक्रिया पूरी की गई। संबंधित प्रकरण में वैधानिक कार्यवाही जारी है।
उक्त कार्यवाही में राजस्व विभाग, पुलगांव पुलिस तथा संबंधित प्रशासनिक विभागों की संयुक्त टीम की भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शासकीय अथवा निजी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण न करें। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
