
दुर्ग। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर दुर्ग की महापौर अलका बाघमार द्वारा जिला चिकित्सालय के नर्सिंग स्टाफ का सम्मान किया गया। महापौर ने निगम स्थित चेम्बर में छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ, जिला चिकित्सालय से जुड़े नर्सिंग स्टाफ को हेलमेट भेंट कर उनका सम्मान किया और सड़क सुरक्षा का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार ने कहा कि जिला अस्पताल की नर्सें दिन-रात मरीजों की सेवा में समर्पित रहती हैं।
चाहे दिन हो या रात, हर परिस्थिति में नर्सिंग स्टाफ मरीजों की देखभाल करते हुए समाज के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उनका समर्पण और सेवा भाव समाज के लिए प्रेरणादायक है।

महापौर ने कहा कि महिला दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं बल्कि समाज में महिलाओं के योगदान को सम्मान देने का अवसर है। नर्सिंग स्टाफ स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत कड़ी है और उनकी मेहनत से ही मरीजों को बेहतर उपचार मिल पाता है।
उन्होंने हेलमेट वितरण के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति भी जागरूक रहने का संदेश देते हुए कहा कि जीवन अनमोल है, इसलिए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना बहुत जरूरी है। इससे दुर्घटना की स्थिति में जान बचाई जा सकती है। इस अवसर पर एमआईसी शेखर चंद्रकार, सावित्री दमाहे,सविता साहू सहित अन्य मौजूद रहें।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ जिला चिकित्सालय के नर्सिंग स्टाफ में प्रेमा पाल, मंजू राय, अजय नायक, सत्येन्द्र गुप्ता एवं पुष्पा बाँधे सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
