बिहार राजनीति में बड़ा बदलाव: नीतीश कुमार ने परिषद छोड़ी, नितिन नवीन भी देंगे इस्तीफा

Share this

 

पटना। बिहार की राजनीति में आज अहम घटनाक्रम देखने को मिला। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। वे स्वयं परिषद पहुंचे और अपना त्यागपत्र सौंपा। इस दौरान जदयू के कई वरिष्ठ नेता भी उनके साथ मौजूद रहे।

संवैधानिक प्रावधानों के तहत कोई भी व्यक्ति एक साथ दो सदनों का सदस्य केवल 14 दिनों तक ही रह सकता है। नीतीश कुमार 16 मार्च को राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे, ऐसे में निर्धारित समय सीमा के भीतर उन्हें एक सदन की सदस्यता छोड़नी अनिवार्य थी।

वहीं, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन भी आज अपने विधायक पद से इस्तीफा दे सकते हैं। वे बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। पहले वे रविवार को ही इस्तीफा देने वाले थे, लेकिन अचानक असम जाने के कारण यह टल गया। अब संभावना जताई जा रही है कि वे आज शाम तक विधानसभा पहुंचकर अपना त्यागपत्र सौंप देंगे।

इस्तीफे को लेकर नितिन नवीन ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि वे पार्टी द्वारा सौंपी गई नई जिम्मेदारी के तहत बिहार और अपने क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। साथ ही उन्होंने जनता और कार्यकर्ताओं के साथ अपने मजबूत संबंधों को अपनी ताकत बताया।

उन्होंने यह भी कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत और विकसित बिहार के लक्ष्य को हासिल करने के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करते रहेंगे।

फिलहाल, इन इस्तीफों को राजनीतिक रणनीति और नई जिम्मेदारियों के रूप में देखा जा रहा है, जिसका असर आने वाले समय में राज्य की राजनीति पर देखने को मिल सकता है।

READ MORE  CG News: आदमखोर तेंदुए से ग्रामीणों में दहशत, 3 साल की मासूम को बनाया निवाला, बुजुर्ग पर किया हमला
Share this