
० द्रोणाचार्य विद्यालय परिसर में अवैध कब्जा की शिकायत

० धमधा नाका अंडरब्रिज और सिंधिया नगर क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट व सड़क सीमेंटीकरण की मांग
दुर्ग। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर अभिजीत सिंह ने जनदर्शन में पहुंचे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने समस्याओं के समुचित समाधान एवं निराकरण करने संबंधित विभागों को आवश्यक पहल करने कहा। जनदर्शन में अपर कलेक्टर विरेन्द्र सिंह भी उपस्थित थे। जनदर्शन में अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, भूमि सीमांकन कराने, सीसी रोड निर्माण, ऋण पुस्तिका सुधार, आर्थिक सहायता राशि दिलाने सहित विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

जुनवानी-खम्हरिया मार्ग चौड़ीकरण से प्रभावित वार्ड एक के निवासियों ने पुर्नव्यवस्थापन की मांग की। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा जुनवानी खम्हरिया नगर होते हुए आईआईटी भिलाई पहुंच मार्ग के दोनों तरफ प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण से करीब 50 वर्षों से रह रहे कई मकान और दुकान प्रभावित होंगे। रहवासियों ने वैकल्पिक व्यवस्था कराकर कब्जा खाली कराकर निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए आवेदन दिया। इस पर कलेक्टर ने ईई लोक निर्माण विभाग को कार्यवाही करने कहा।
कोलिहापुरी के किसानों ने खेतों से पानी निकासी की समस्या के समाधान कराने आवेदन दिया। किसानों ने बताया कि कोलिहापुरी गांव में वालफोर्ट मंगलम सिटी का निर्माण होने के कारण बॉड्रीवाल का निर्माण किया जा रहा है, जिसके कारण किसानों के खेतों में बारिश का पानी निकासी नहीं हो पा रहा है। लगभग 100 किसानों की खेती प्रभावित हो रही है। किसानों ने पानी निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की, ताकि उनकी कृषि प्रभावित न हो। इस पर कलेक्टर ने निरीक्षण कर तहसीलदार दुर्ग को आवश्यक कार्यवाही करने कहा।
वृंदा नगर बोरसी वार्डवासियों ने नाले के गंदे पानी के तालाब में सीधे जाने की समस्या को लेकर शिकायत की। बस्ती का गंदा पानी नाली के माध्यम से सीधे तालाब में प्रवाहित हो रहा है, जिससे तालाब का पानी अत्यधिक दुषित एवं अनुपयोगी हो चुका है। तालाब क्षेत्रवासियों के दैनिक उपयोग के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्तमान में गंदगी और मच्छरों के बढ़ने से जनस्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। निवासियों ने नाली डायवर्जन या अन्य स्थायी समाधान कराने आवेदन दिया। इस पर कलेक्टर ने नगर निगम दुर्ग को आवश्यक कार्यवाही करने कहा।
धमधा नाका अंडरब्रिज और सिंधिया नगर क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट व सड़क सीमेंटीकरण की मांग की। क्षेत्र के रहवासियों ने बताया कि अंडरब्रिज में रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है, वहीं सड़क की खराब स्थिति से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। इस पर कलेक्टर ने एनएचएआई को निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
उतई क्षेत्र के द्रोणाचार्य विद्यालय परिसर में अवैध कब्जे को लेकर शिकायत की गई। स्कूल के पास पंद्रह-बीस पान ठेले, मटेरियल सप्लायर ऑफिस और मुर्गी दुकानें परिसर में संचालित हैं, जिससे छात्र और महिला शिक्षकों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। पान ठेलों में नशीले गुटखा तम्बाखू खुलेआम बिक रहा है इससे हमारी भावी पीढ़ी पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। क्षेत्रवासियों ने भूमि कब्जामुक्त करने और सुरक्षा बाउंड्रीवाल बनाने की मांग की है। इस पर कलेक्टर ने सीएमओ उतई को निरीक्षण कर तत्काल कार्यवाही करने को कहा।
