भवन नहीं, जीवंत समाज का निर्माण करें” — अंबिकापुर में ‘श्री अग्रोहा पैलेस’ भूमिपूजन पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल का आह्वान

Share this

 

अंबिकापुर। रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने रविवार को अंबिकापुर में अग्रवाल समाज के ‘श्री अग्रोहा पैलेस’ का भूमिपूजन किया। 150 अत्याधुनिक कमरों, विशाल हॉल और सर्वसुविधायुक्त लॉन से बनने वाला यह भव्य भवन छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे मध्य भारत में अपनी अलग पहचान स्थापित करेगा।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हम भगवान अग्रसेन जी महाराज के वंशज हैं और अग्र समाज का इतिहास हमेशा से सेवा और समर्पण का रहा है। हजारों वर्षों से हमारे पूर्वजों ने तीर्थ स्थलों पर भवन, बावड़ियां और अन्न क्षेत्र बनाकर समाज सेवा की अनूठी परंपरा कायम की है। आज उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए ‘श्री अग्रोहा पैलेस’ का निर्माण एक सराहनीय पहल है।

सांसद श्री अग्रवाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “हमारे समाज की परंपरा आज की नहीं, हजारों साल पुरानी है। जहां-जहां पुराने तीर्थ स्थल हैं, वहां अगर भवन बने हैं, बावड़ियां बनी हैं या अन्न क्षेत्र बने हैं, तो उसमें अग्रवाल समाज का बड़ा योगदान रहा है। लेकिन आज हमारी नई पीढ़ी इस दिशा में उतनी सक्रिय नजर नहीं आ रही है, यह चिंता का विषय है।”

उन्होंने कहा कि “हम आज भी अपने पूर्वजों के कार्यों का गौरव गान करते हैं, लेकिन जरूरी है कि हम स्वयं भी वैसा ही योगदान दें। समाज में संस्कारों की कमी आ रही है, और इस पर हमें गंभीरता से सोचने की जरूरत है।”

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि “सिर्फ बिल्डिंग बनाने से कुछ नहीं होता, घर तब बनता है जब उसमें बच्चों की किलकारियां गूंजती हैं। उसी तरह यह भवन भी तभी सार्थक होगा, जब इसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी होगी।”

READ MORE  प्लेसमेंट कैम्प 16 को, निजी क्षेत्र के 173 पदों पर होगी भर्ती

सांसद श्री अग्रवाल ने कहा कि “जब तक समाज का कमजोर व्यक्ति इस भवन से नहीं जुड़ेगा, तब तक यह केवल एक बिल्डिंग बनकर रह जाएगा। जरूरी है कि हम ऐसे लोगों को भी इसमें शामिल करें, ताकि उन्हें लगे कि यह उनके लिए बना है और उनके काम आएगा।”

उन्होंने सुझाव दिया कि समाज को केवल भव्य भवन निर्माण तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के लिए आवास की व्यवस्था जैसे कार्यों पर भी ध्यान देना चाहिए। “अगर हम अपने समाज के गरीब और किराए के घर में रहने वाले परिवारों को अपना घर दे दें, तो इससे बड़ा आशीर्वाद और कोई नहीं हो सकता,” उन्होंने कहा।

सांसद श्री अग्रवाल ने कहा कि “भवन बनाना एक बात है, लेकिन उसे जागृत और जीवंत बनाना अलग बात है। जब यह भवन समाज के हर वर्ग के उपयोग में आएगा, तभी इसकी वास्तविक सार्थकता होगी।”

 

उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि “मंदिर में हम भगवान की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा करते हैं, लेकिन यदि हमने एक बच्चे को शिक्षित कर दिया या किसी गरीब का इलाज करा दिया, तो उससे बड़ा भगवान कोई दूसरा नहीं है।”

 

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ‘श्री अग्रोहा पैलेस’ समाज को जोड़ने, संस्कारों को सशक्त करने और सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का केंद्र बनेगा।

इस अवसर पर अग्रवाल समाज के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मंत्री राजेश अग्रवाल, अग्रवाल सभा अंबिकापुर अध्यक्ष संजय मित्तल, अजय अग्रवाल, बाबूलाल गोयल, योगेश अग्रवाल, संजय, विनोद, कृष्ण कुमार, मनोज जैन समेत बड़ी संख्या में समाज के गणमान्यजन उपस्थित रहे।

READ MORE  हनुमान जयंती पर कल आमदी हनुमान मंदिर सेक्टर 9 में निजी न्यास के सदस्य तड़के 3.45 बजे सर्वप्रथम पूजा अर्चना करेंगे
Share this