भिलाई में पत्नी ने सिलबट्टा मार कर की पति की हत्या 

Share this

० नशे में विवाद और मारपीट से थी परेशान

भिलाई नगर। छावनी थाना क्षेत्र के दुर्गा पारा कैंप -2 में बीती रात आपसी विवाद के बाद पत्नी ने सिलबट्टे से वार कर पति की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पत्नी रोज-रोज के विवाद से परेशान थी। पति रोज शराब के नशे में आकर मारपीट करता था। रविवार रात को भी विवाद हुआ और इस दौरान पत्नी ने पास रखे सिलबट्टे से मार दिया। घटना की सूचना के बाद देर रात मौके पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पत्नी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने भी घटनास्थल का दौरा किया।

मिली जानकारी के अनुसार कैंप-2 दुर्गा पारा निवासी डोमन साहू (40) की उसकी पत्नी हीरामणी साहू ने हत्या कर दी। घटना रविवार देर रात लगभग 10 बजे के आसपास की है। डोमन साहू श्रम विभाग में संविदा वाहन चालक था। वह आए दिन पत्नी से मारपीट करता था। बताया जा रहा है कि उसे पत्नी के चरित्र पर भी शक था। उसके दो बच्चे एक बेटा और एक बेटी है। रविवार को भी उसने पत्नी से मारपीट की थी। मारपीट से तंग आकर पत्नी हीरामणी साहू ने 19 अप्रैल को पति के खिलाफ थाने पहुंचकर शिकायत की थी। जिसके बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 170 के तहत उसे गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट भेजा था। वहां से उसे जमानत मिल गई।

जमानत मिलने के बाद आरोपी शाम को घर पहुंचा और पुलिस में शिकायत करने की बात को लेकर विवाद करने लगा। दोनों के बीच विवाद काफी बढ़ गया। इस दौरान हीरामणी ने पास में रखा सिलबट्टा उठाया और डोमन साहू के सिर पर दे मारा। वार इतना जोरदार था कि मौके पर ही डोमन साहू की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई की। पुलिस पत्नी को हिरासत में लेकर जांच कर रही है।

READ MORE  छत्तीसगढ़ बनेगा देश का नया टेक्स्टाइल हब, सीएम‌एआई के साथ हुआ एम‌ओयू
Share this