

चेन्नई। विजय ने शुक्रवार को राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। समर्थन पत्र सौंपे जाने के बाद राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ अर्लेकर ने उन्हें सरकार गठन के लिए आमंत्रित किया। सूत्रों के मुताबिक, यह मुलाकात संक्षिप्त रही। विजय शनिवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
कांग्रेस और वाम दलों का मिला समर्थन

सरकार गठन के लिए जरूरी बहुमत जुटाने में विजय को कांग्रेस और वामपंथी दलों का समर्थन मिला है। भाकपा और माकपा के साथ ही विद्युथलाई चिरूथैगल कच्ची ने टीवीके सरकार को समर्थन देने की घोषणा की है। वहीं कांग्रेस ने भी अपने पांच विधायकों का समर्थन विजय को दिया है।
टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी
तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने में सफलता हासिल की। राज्य में सरकार बनाने के लिए 118 सीटों के समर्थन की आवश्यकता है। सहयोगी दलों के समर्थन के बाद विजय बहुमत के आंकड़े तक पहुंच गए हैं।
दो सीटों से जीते विजय
विजय ने चेन्नई की पेरांबूर और तिरुचिरापल्ली ईस्ट विधानसभा सीट से जीत दर्ज की है। चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार उन्हें बाद में एक सीट छोड़नी होगी।
