12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम खालसा पब्लिक स्कूल में

Share this

० उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि होंगे

दुर्ग। 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि होंगे। इस वर्ष का यह वृहद आयोजन ’योग संगम’ एवं ’योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ (स्वास्थ्य के लिए योग) की विशेष थीम पर केंद्रित है। मुख्य जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम मालवीय नगर चौक स्थित ’खालसा पब्लिक स्कूल’ के प्रांगण में होगा, जहां मुख्य अतिथि अरुण साव की उपस्थिति में कार्यक्रम प्रातः 7 बजे से प्रारंभ होकर 7.45 बजे तक संचालित होगा। आयोजन को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कलेक्टर श्री सिंह ने सभी संबंधित विभागों को कार्यक्रम स्थलों का चयन कर नोडल अधिकारी नामांकित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, प्रत्येक शासकीय, निजी व अन्य आयोजक संस्थाओं को भाग लेने वाले नागरिकों का आयुष मंत्रालय के आधिकारिक पोर्टल https://yoga.ayush.gov.in पर पंजीयन सुनिश्चित किया जाएगा तथा योगाभ्यास से संबंधित छायाचित्र भी अपलोड की जाएंगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री श्री साव द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संदेश का वाचन किया जाएगा। जिला मुख्यालय के इस मुख्य आयोजन के साथ-साथ जिले के सभी नगरीय निकायों (नगर निगमों, नगर पालिका परिषदों, नगर पंचायतों) सहित समस्त जनपद व ग्राम पंचायत मुख्यालयों तथा स्कूल, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं जनसामान्य की उपस्थिति में आयोजन कराए जाएंगे।

Share this
READ MORE  IAS के तबादले: रवि मित्तल न‌ए जनसंपर्क आयुक्त, जशपुर-सूरजपुर के बदले कलेक्टर