शिवनाथ नदी के महमरा तट पर नदी संरक्षण, पौधरोपण एवं जल संसाधन प्रबंधन को लेकर समग्र अभियान

Share this

दुर्ग। शिवनाथ नदी के तटवर्ती पर्यावरण के संरक्षण, जल स्त्रोतों के प्रदूषण की रोकथाम, हरित आवरण के संवर्धन तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग के उद्देश्य से ग्राम महमरा स्थित शिवनाथ नदी तट पर अभियान संचालित किया गया। अभियान में नदी तट की स्वच्छता को ठोस अपशिष्ट नियंत्रण, तटवर्ती पारिस्थितिकी संरक्षण एवं जनभागीदारी से संबद्ध करते हुए व्यापक स्वरूप प्रदान किया गया।

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-2.jpeg

अधीक्षण अभियंता सह कार्यपालन अभियंता आशुतोष सारस्वत के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में अनुविभागीय अधिकारी गौरव सिंह, रोहन शॉ एवं कुलेश्वर जोशी सहित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा श्रमदान करते हुए नदी तट एवं समीपस्थ क्षेत्र से प्लास्टिक, पॉलीथिन एवं अन्य ठोस अपशिष्ट को हटाया गया। इस पहल का उद्देश्य नदी में बाह्य अपशिष्ट के प्रवेश की रोकथाम के साथ जल स्त्रोत की पर्यावरणीय गुणवत्ता एवं तटवर्ती क्षेत्र की स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता को सुदृढ़ करना रहा।

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-1.jpeg

अभियान के अंतर्गत नदी तट पर पौधरोपण भी किया गया। तटवर्ती हरित आवरण का संवर्धन मृदा अपरदन के नियंत्रण, सतही अपवाह के विनियमन, तटीय स्थायित्व तथा स्थानीय जैव-विविधता एवं पारिस्थितिक संतुलन के संरक्षण में सहायक है। इस दृष्टि से पौधरोपण किया गया।

इस अवसर पर ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों को अवगत कराया गया कि नदी संरक्षण का दायरा केवल नदी की धारा एवं तट की स्वच्छता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जलागम क्षेत्र, वर्षाजल संरक्षण, सतही बहाव के नियमन, स्थानीय जल संचयन, भू-जल पुनर्भरण तथा जल उपयोग दक्षता से भी प्रत्यक्ष रूप से संबद्ध है। नागरिकों से नदी एवं अन्य जल स्त्रोंतों में प्लास्टिक, कचरा अथवा अपशिष्ट का निष्पादन नहीं करने, वर्षा जल के संरक्षण तथा जल के अनावश्यक अपव्यय को नियंत्रित करने का आह्वान किया गया।

READ MORE  भिलाई में झाड़-फूंक से इलाज करने के नाम पर ठग लिए 13 लाख, आरोपी गिरफ्तार 

अभियान के दौरान यह संदेश प्रमुखता से दिया गया कि जल संसाधनों का संरक्षण एक सतत सामुदायिक उत्तरदायित्व है, जिसमें शासन, विभागीय तंत्र एवं स्थानीय समुदाय की सहभागिता आवश्यक है।

तांदुला जल संसाधन संभाग, दुर्ग ने स्पष्ट संदेश दिया कि वर्तमान में संरक्षित जल संसाधन एवं पर्यावरणीय संपदा ही भविष्य की जल सुरक्षा की आधारशिला है।

Share this