

० आधी रात को दनिया पुल पर कार के बह जाने पर फंसे थे
भिलाई।खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले की दनिया पुल के पास शनिवार रात करीब 3 बजे 5 युवक युवतियों का रेस्क्यू किया गया। इनकी कार पानी में बह गई और वे किसी तरह बीच बहाव में पेड़ के सहारे फंसे थे। इसके बाद पीड़ितों ने 112 को काल कर पुलिस से मदद मांगी और फिर गंडई थाना प्रभारी शिव शंकर गेदले ने इन सभी का सफल रेस्क्यू कराया।
केसीजी जिले में 25 सितंबर को हुई लगातार भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। इस बीच गंडई क्षेत्र के दनिया पुल पर बाढ़ के पानी के बीच एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन के कारण कार सहित बाढ़ में बहे 5 युवक-युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस के मुताबिक कार चालक ने दनिया पुल पर स्टॉपर तोड़कर बाढ़ के पानी में कार घुसा दी।
पुलिस प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बाढ़ को देखते हुए दनिया पुल पर सुरक्षा बल की ड्यूटी लगाई गई थी। 25 सितंबर की रात करीब 2.30 बजे रायपुर की ओर से आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार (CG 04 PV 5636) के चालक ने लापरवाही पूर्वक पुल पर लगे पुलिस स्टॉपर को ठोकर मार दी।
पुल के दूसरे छोर पर तैनात पुलिस बल ने चिल्लाकर कार को आगे बढ़ाने से मना भी किया, लेकिन चालक ने बात अनसुनी कर कार को सीधे उफनती नदी के बीचों-बीच घुसा दिया। देखते ही देखते तेज बहाव के कारण कार पुल से बहकर नदी की बीच मझधार में जाकर फंस गई और उसमें सवार सभी 5 लोग चीख-पुकार मचाने लगे।
रात के अंधेरे में गंडई पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन
ड्यूटी पर तैनात जवानों ने तुरंत इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही गंडई पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और भारी बारिश व अंधेरे के बीच सूझबूझ से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस ने बेहद सावधानी बरतते हुए एक-एक कर कार में फंसे सभी पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद सभी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गंडई ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
ये युवक-युवती रायपुर और भिलाई के रहने वाले हैं तथा सभी कान्हा किसली जा रहे थे। पुलिस पूछताछ में पता चला है कार को कुबेर साहू चला रहा था। सुरक्षित बचाए गए लोगों में
कमलेश साहू (25 वर्ष) गुढ़ियारी, रायपुर, कुबेर साहू (25 वर्ष) कृष्णा नगर गुढ़ियारी, रायपुर, निहाल सक्सेना (21 वर्ष) कृष्णा नगर गुढ़ियारी, रायपुर,
महक कौर (21 वर्ष) – कैंप 2, पावर हाउस भिलाई,
तथा प्रीति रात्रे (20 वर्ष) कैंप 1, रामनगर भिलाई शामिल हैं।
