

खैरागढ़। राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ में मतदाता साक्षरता क्लब (ईएलसी) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में नवमतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 17 वर्ष से अधिक आयु के विद्यार्थियों और 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पात्र युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया, निर्वाचन संबंधी अधिकारों तथा लोकतंत्र में मतदान के महत्व की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक रहना और निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाना जिम्मेदार नागरिक होने का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को निर्धारित पात्रता के अनुसार मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जानकारी दी गई। निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षकों ने युवाओं को जागरूक मतदाता बनने तथा अपने परिवार और आसपास के पात्र लोगों को भी मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना और उनमें स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सहभागिता कर मतदाता पंजीकरण से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। आयोजन के माध्यम से युवाओं को अपने मताधिकार के प्रति सजग रहने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर स्विप एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी एवं विश्वविद्यालय के गायन विभाग में सहायक प्राध्यापक डॉ. दिवाकर कश्यप सहित डॉ. लिकेश्वर वर्मा और प्रोफेसर नमन दत्त, डॉ हरिओम हरि, डॉ शिवशंभू कपूर, जागदेव नेताम उपस्थित रहे।
