० खैरागढ़ विवि में प्रवेश की तारीख निकलने के बाद भी दिया दाखिला, विलंब शुल्क से भी राहत देकर पेश की मिसाल
खैरागढ़। राजकुमारी इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. लवली शर्मा ने आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई जारी रखने में असमर्थ हो रही छात्रा नम्रता परते की समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पहल की। कुलपति ने न केवल छात्रा को विलंब शुल्क से राहत दिलाई, बल्कि प्रवेश की निर्धारित तिथि समाप्त हो जाने के बाद भी विशेष अनुमति देकर बीपीए तृतीय वर्ष गायन में उसका दाखिला सुनिश्चित कराया। कुलपति की इस संवेदनशील पहल को शिक्षा के साथ मानवीय सरोकारों को प्राथमिकता देने वाले कदम के रूप में देखा जा रहा है।
मध्य प्रदेश के मंडला जिले की रहने वाली नम्रता परते, पिता कुंवर सिंह परते, विश्वविद्यालय में बीपीए गायन की छात्रा हैं। उन्होंने यहां प्रथम और द्वितीय वर्ष की पढ़ाई पूरी कर परीक्षा उत्तीर्ण की है। इसके बाद वह तृतीय वर्ष में प्रवेश लेना चाहती थीं, लेकिन परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण समय पर प्रवेश शुल्क जमा नहीं कर पाईं। प्रवेश की अंतिम तिथि निकल जाने के बाद उनकी परेशानी और बढ़ गई। छात्रा ने विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष अपनी परिस्थिति रखते हुए अनुरोध किया कि वह निर्धारित प्रवेश शुल्क जमा करने को तैयार हैं, लेकिन आर्थिक कठिनाइयों के चलते विलंब शुल्क देना उनके लिए संभव नहीं है।
छात्रा की समस्या सामने आने पर कुलपति ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए विशेष अनुमति से विलंब शुल्क में छूट देने और प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए। निर्धारित तिथि समाप्त होने के बावजूद नियमों में आवश्यक शिथिलता प्रदान कर छात्रा का दाखिला कराया गया। इस फैसले से छात्रा को अपनी संगीत शिक्षा जारी रखने का अवसर मिला है।
