रायपुर। चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम पूरी तरह बदल गया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बुधवार को लगातार बारिश हुई। करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं ने भी जनजीवन प्रभावित किया। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को दिन में भी ठंड का अहसास हुआ।
रायपुर में सामान्य से 4.8 डिग्री नीचे रहा तापमान
बुधवार को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का असर अलग-अलग रहा। बस्तर क्षेत्र में बारिश के साथ हवाओं की रफ्तार अधिक रही, जबकि रायपुर में सुबह से शुरू हुआ बारिश का दौर रात तक जारी रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.8 डिग्री कम रहा। वहीं बिलासपुर में अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
आज भी कई संभागों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को बस्तर संभाग में 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान भारी से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
वहीं रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के जिलों में 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। इन क्षेत्रों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा की भी संभावना है।
मौसम विभाग का अलर्ट
5 जिलों में ऑरेंज, 22 जिलों में यलो अलर्ट
ऑरेंज अलर्ट
नारायणपुर, कोंडागांव,
बीजापुर, बस्तर, दंतेवाड़ा।
यलो अलर्ट
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, मुंगेली, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा, बेमेतरा, बलौदाबाजार, महासमुंद, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, बालोद, धमतरी, गरियाबंद, बलरामपुर, कोरिया, सूरजपुर, जशपुर, सरगुजा और सुकमा।
शुक्रवार से गिर सकता है न्यूनतम तापमान
लगातार बारिश और ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश में मौसम में ठंडक बढ़ गई है। लोगों ने एक बार फिर रेनकोट और छतरियां निकाल ली हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, गुरुवार को भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके बाद शुक्रवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
फिलहाल प्रदेश में न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 2 से 3 डिग्री अधिक बना हुआ है। मौसम में बदलाव के साथ आने वाले दिनों में इसमें कमी दर्ज की जा सकती है।
