
पुलिस ने 24 घंटे में किया गिरफ्तार
दुर्ग न्यूज, 3 फरवरी। वाहन किराए पर लगाने का झांसा देकर एक व्यक्ति वाहन मालिक का कीमती मोबाइल लेकर चंपत हो गया। यह घटना बीते दिनों कलेक्टोरेट परिसर में हुई।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार यमन नायक पिता अनिल नायक, निवासी देवबलोदा थाना पुरानी भिलाई ने दुर्ग थाना में शिकायत दर्ज कराई कि उसके पास मालवाहक वाहन टाटा इनांक है जिसे बुकिंग पर चलाता है। बुकिंग हेतु वाहन पर मोबाईल नंबर लिखा हुआ है। मोबाईल नंबर 6267608601 के धारक व्यक्ति ने उसके मोबाईल नं. 9575293125 पर कॉल कर 40 हजार रुपए प्रतिमाह पर बीएसएनल ऑफिस दुर्ग में वाहन किराये पर लगाने की बात कही और एग्रीमेन्ट कराने हेतु कलेक्टर परिसर दुर्ग आने के लिए कहा। तब वह उसके कहे अनुसार
2 फरवरी को कलेक्टर परिसर दुर्ग गया। वहां वह व्यक्ति भी आया और उससे वाहन का कागज, ड्राइविंग लाइसेन्स, रजिस्ट्रेशन शुल्क 6500 रुपए ले लिए। इसके बाद वाहन का फोटो मेरे मोबाईल में खींचा जिसे बीएसएनएल के अधिकारी को दिखाना है कहकर मोबाईल एवं अन्य कागजात को लेकर कलेक्टर परिसर के बाहर बैठाकर वह व्यक्ति कलेक्टर परिसर के अन्दर चला गया। काफी देर इंतजार के बाद भी उस व्यक्ति के वापस नहीं आने पर आशंका हुई। वह व्यक्ति कागजात,मोबाईल एवं पैसा लेकर फरार हो गया। इस शिकायत पर दुर्ग पुलिस ने धारा 420 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
उक्त घटना की जांच में विशेष टीम लगाया गया। टीम द्वारा प्रार्थी से मिले आरोपी के मोबाईल नंबर के आधार पर तकनीकी रूप से पतासाजी के प्रयास किये जा रहे थे किन्तु दूसरे के नाम व पता से मोबाईल नंबर होने से आरोपी का पता नहीं चल पाया। टीम द्वारा घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज एकत्र करने पर फुटेज से मिलते-जुलते हुलिया का व्यक्ति शंकर नगर छावनी बस्ती में मिला। जिसके आधार पर आरोपी मोहम्मद नसीम( 39 )पिता मो अब्दुल रहमान शंकर नगर छावनी को पकड़कर पूछताछ किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में वह गुमराह करता रहा किन्तु तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करने पर उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से ठगी गई रकम में से शेष बची नगदी रकम 600 रुपए एवं एक नग सेमसंग कम्पनी का मोबाईल फोन मॉडल Kas 22 Ultra कीमती करीबन 1 लाख 15 हजार रुपए का बरामद कर जब्त किया गया। अग्रिम कार्यवाही थाना दुर्ग से की जा रही है।

