कल राहुल गांधी ने दिखाया ट्रेलर, आज मोदी संसद में दिखाएं पूरी पिक्चर!

Share this

नई दिल्ली: बजट सत्र के शुरुआती कुछ दिनों तक संसद नहीं चली लेकिन मंगलवार को कई विपक्षी नेताओं ने जोरदार भाषण दिया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भाषण की काफी चर्चा है। उन्होंने अडानी का नाम लेकर मोदी सरकार के कार्यकाल में तेजी से बढ़े कारोबार पर सवाल उठाया। राहुल के भाषण के फौरन बाद भाजपा ने पलटवार किया। कई नहीं, कई नेता मैदान में उतरे और कांग्रेस पर बरस पड़े। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों को सरंक्षण देना कांग्रेस और गांधी परिवार की आदत है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी जैसे ईमानदार नेता पर बेबुनियाद और शर्मनाक आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि 2019 की तरह 2024 में भी जनता राहुल के झूठे आरोपों का जवाब देकर सबक सिखाएगी। राहुल के भाषण को सुनकर कांग्रेस के नेता जोश में हैं, ट्विटर पर तस्वीरें और बयान शेयर किए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी राहुल के भाषण की चर्चा है। लोग कह रहे हैं कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद राहुल का यह भाषण बिल्कुल अलग था। आज सबकी नजरें पीएम नरेंद्र मोदी के भाषण पर हैं। वह विपक्षी नेताओं के आरोपों का चुन-चुनकर जवाब दे सकते हैं।

राहुल ने मोदी को घेरा, तो स्मृति का मैजिक अटैक

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अडानी का नाम लेकर मंगलवार को लोकसभा में प्रधानमंत्री मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि 2014 में मोदी के दिल्ली आने के बाद ‘असली जादू’ हुआ और 8 साल में उद्योगपति गौतम अडानी दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स बन गए। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार के दौरान नियम बदलकर हवाई अड्डों के ठेके अडानी समूह को दिए गए। प्रधानमंत्री के विदेश दौरों के बाद दूसरे देशों में भी इसी उद्योगपति को ठेके मिले।

बाद में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी पर करारा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अमेठी ने जिसे ‘मैजिक’ दिखाया, वह प्रधानमंत्री पर कटाक्ष कर रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान आरोप लगाया कि ‘परिवार’ ने अमेठी में कई ऐसी जमीनों को अपने कब्जे में ले लिया, जिन्हें फाउंडेशन या फैक्ट्री के लिए आवंटित किया गया था। उनका इशारा गांधी परिवार की तरफ था। स्मृति बोलीं, ‘आज एक सज्जन जिन्हें अमेठी ने ‘मैजिक’ दिखाया और 4 विधानसभा सीटों पर जमानत जब्त हुई, उन्होंने पीएम पर कटाक्ष किया।’ उनका इशारा 2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी लोकसभा सीट पर राहुल गांधी की हार और अपनी जीत की ओर था।

READ MORE  चुनाव में भले ही एक-दूसरे के खिलाफ खूब किया प्रचार,मगर जीत पर गले लगा लिया 
Share this