

दुर्ग न्यूज 8 फरवरी। डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी की पहाड़ी पर पिछले हफ्ते तेंदुआ दिखाई पड़ने के बाद से क्षेत्र में दहशत व्याप्त है। तेंदुआ के फिर दिखाई देने से जहां पहाड़ी पर व्यवसाय करने वाले सहमे हुए हैं वहीं दर्शनार्थियों की संख्या में भी कमी आई है। पहाड़ी पर तेंदुआ की उपस्थिति से वन विभाग अलर्ट हो गया है। तेंदुआ को पकड़ने के लिए विभाग की रेस्क्यू टीम द्वारा लगातार अभियान चला रही है। कुछ चिन्हित स्थानों पर पिंजरे रखे गए हैं। मंदिर ट्रस्ट समिति भी सीसीटीवी के माध्यम से नजर रखे हुए हैं।
मिली जानकारी अनुसार एक बार फिर सीसीटीवी कैमरे में तेंदुए को देखे जाने के बाद वन विभाग अमला सतर्क हो गया है। तेंदुए का लोकेशन पता करने पूरी कोशिश हो रही है। डोंगरगढ़ वन परिक्षेत्र का अमला घंटे इस वन्य प्राणी की आवाजाही पर नजर जमाए हैं। बताया गया कि डोंगरगढ़ पहाड़ी पर कई गुफाएं हैं। इसके चलते ही वन विभाग को ज्यादा परेशानी हो रही है। मंदिर ट्रस्ट समिति द्वारा श्रद्धालुओं से अंधेरा होने से पहले नीचे उतर जाने का आग्रह किया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से नजर रखने के साथ ही तेंदुए को दूर भगाने पटाखे का इंतजाम किया गया है।

