उठा ली गई सूर्या मॉल के सामने नो पार्किंग में खड़ी गाड़ियां, निगम एवं यातायात विभाग का संयुक्त अभियान, 13 से अधिक वाहन जब्त

Share this

 

दुर्ग न्यूज 8 फरवरी। नगर निगम भिलाई एवं यातायात विभाग ने आज सूर्या मॉल के सामने से नो पार्किंग पर खड़े वाहनों को हटाने संयुक्त कार्रवाई की। नो पार्किंग में निगम की जमीन पर वाहन खड़ी की जाती थी, जो बेतरतीब तरीके से खड़े होने के कारण यातायात को भी प्रभावित करता था, राहगीरों को भी अनावश्यक परेशानी होती थी। जिसे देखते हुए आज भिलाई निगम एवं यातायात विभाग ने संयुक्त कार्यवाही कर सभी वाहनों को हटाकर जब्ती बनाते हुए गुरुद्वारा के समीप स्थित यातायात कार्यालय ले गए। इस मौके पर नेहरू नगर के जोन आयुक्त राजेंद्र नायक एवं रक्षित निरीक्षक अनीश सारथी मौजूद थे। संयुक्त कार्यवाही में 2 घंटे के भीतर सभी वाहनों को सूर्या मॉल के सामने से हटा दिया गया। नो पार्किंग से वाहनों को हटाने के लिए इससे पूर्व सूचना और समझाइश दी गई, बावजूद गाड़ी को नहीं हटाने पर वाहनों को जब्त किया गया। जोन आयुक्त राजेंद्र नायक ने बताया कि सूर्या मॉल के ठीक सामने निगम के पाथवे की जगह पर वाहन को पार्किंग में लगाने के नाम पर कई दिनों से पार्किंग शुल्क लिया जा रहा था, इसके लिए अलग-अलग शुल्क गाड़ी मालिको से लिए जा रहे थे, जबकि यह जगह नो पार्किंग के लिए है और निगम की है। जिसकी शिकायत पार्षद हरिओम तिवारी ने भी की थी। शिकायत को त्वरित संज्ञान में लेते हुए आज की कार्रवाई की गई। वहीं सूर्या मॉल को भी इसके लिए निगम ने 10 हजार का जुर्माना लगाया है। इस कार्रवाई के दौरान प्रभारी सहायक राजस्व अधिकारी सुनील नेमाड़े तथा तोड़फोड़ दस्ता की पूरी टीम मौके पर मौजूद रही।

Share this
READ MORE  छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई में सहायक प्रोफ़ेसर पद पर भर्ती