

दुर्ग न्यूज, 8 फरवरी। अपने लिए पक्का मकान का सपना देख रहे लोगों का इंतजार आज समाप्त हो गया। 307 हितग्राहियों को लॉटरी के माध्यम से आवास का आबंटन किया गया। महापौर नीरज पाल लॉटरी की प्रक्रिया के दौरान मौजूद रहे। उन्होंने आवास आबंटित हुए हितग्राहियों को बधाइयां दी। आवास आबंटित होने पर हितग्राहियों के चेहरे खिल गए । लॉटरी प्रारंभ करने के दौरान सर्वप्रथम दिव्यांग व वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता देते हुए उनके लिए पहले आवास आबंटन की कार्यवाही की गई। इन लोगों को पहले शामिल करते हुए लॉटरी निकाली गई। दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता के आधार पर तथा शासन के नियम के तहत भूतल पर आवास आबंटित किया गया। हितग्राहियों ने इसके लिए निगम, शासन और प्रशासन का धन्यवाद किया। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के घटक मोर मकान, मोर चिन्हारी के तहत केनाल रोड एवं अन्य प्रभावित एरिया के पात्र हितग्राही जिन्होंने समानुपातिक अंशदान की राशि जमा की थी उन्हें आज लॉटरी में शामिल किया गया था। महापौर नीरज पाल ने इस अवसर पर कहा कि हर किसी का सपना होता है कि उनका खुद का पक्का घर हो, हितग्राहियों का यह सपना आज पूरा हुआ है। अब वे अपने आवास में रह पाएंगे। शांतिपूर्ण तरीके से आवास आबंटन की संपूर्ण प्रक्रिया पूर्ण हुई। हितग्राहियों ने लॉटरी निकाल कर आवास क्रमांक के आधार पर आवास अपने नाम किया। मोर मकान, मोर आस के तहत किराएदारी में रह रहे पात्र लोगो के लिए भी शीघ्र ही आवास आबंटन की प्रक्रिया की जाएगी। आज आवास आबंटन के दौरान प्रमुख रूप से अनुविभागीय अधिकारी जागेश्वर कौशल, सभापति गिरवर बंटी साहू, महापौर परिषद के सदस्य एवं राजस्व प्रभारी सीजू एंथोनी सहित अन्य उपस्थित थे।

