
बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम के लिए प्राचार्यों की लगाई क्लास, कलेक्टर ने रणनीति बनाने दिए निर्देश

आगामी सत्र में प्राथमिक और माध्यमिक शाला पर रहेगा फोकस
दुर्ग न्यूज, 28 जनवरी। कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा द्वारा आगामी बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए जिले के विद्यालयों के प्राचार्य के साथ विशेष समीक्षा बैठक का आयोजन पीडब्ल्यूडी मीटिंग हॉल में किया गया। जिले में संचालित 106 हाई स्कूल और 307 हायर सेकेंडरी स्कूल में निकट भविष्य में होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को लेकर महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। ज्ञात हो कि बोर्ड परीक्षाओं के लिए लगभग एक माह का समय शेष है।

बैठक में कलेक्टर ने 40% से कम परीक्षा परिणाम वाले विद्यालयों का चिन्हांकन करते हुए, इसे बेहतर परिणाम में त्वरित कैसे परिवर्तित किया जा सके इसके लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सतत मॉनिटरिंग के साथ जल्द से जल्द एक्शन मोड में आकर योजनाबद्ध तरीके से रणनीति बनाने और उस दिशा में सकारात्मक कदम उठाने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थी कमजोर हो या मेधावी, सबको साथ लेकर चलना शिक्षक की जिम्मेदारी है। जिन विद्यालयों के परिणाम बेहतर नहीं रहे हैं उनके लिए उन्होंने एक्स्ट्रा क्लासेस और ब्लूप्रिंट पर आधारित क्विक रिवीजन क्लासेस चलाने के निर्देश दिए। ताकि कम समय में बच्चे गियर अप कर बेहतर परिणाम हासिल कर सकें।
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी अभय जसवाल को सभी विद्यालयों से कोऑर्डिनेट कर विद्यार्थियों का अनुपातिक स्तर पर जहां शिक्षकों की कमी है वहां से जानकारी उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया है ताकि शिक्षकों की कमी को दूर कर विद्यालयों के स्तर को और बेहतर बनाया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने जिन विद्यालयों में विषयवार शिक्षकों की कमी है उनकी सूची भी उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया। बुनियादी शिक्षा में बेहतर दिशा में कार्य करने कलेक्टर ने आने वाले सत्र में प्राथमिक और माध्यमिक शाला में और बेहतर फोकस करने की बात कही।
कलेक्टर ने बैठक में स्पष्ट किया कि कई बार विद्यालय के अंदर और आसपास के क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियां होती देखी जाती हैं। जिसमें मुख्य रुप से मारपीट, छेड़खानी और नशाखोरी शामिल है। इन सब पर नकेल कसने के लिए प्रशासन, पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर सख्त कदम उठाएगा और सतत मॉनिटरिंग से इन गतिविधियो पर लगाया जाएगा।
