राजनांदगांव,(दुर्ग न्यूज)। आदिवासी लोककला अकादमी रायपुर, छत्तीसगढ़ संस्कृति परिषद्, संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन की ओर से तीन दिवसीय नाचा महोत्सव का आयोजन 14 से 16 फरवरी तक शहर में होने जा रहा है। शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय एवं नगर निगम राजनांदगांव के सहयोग से आयोजित इस समारोह में रोजाना शाम 6 बजे से त्रिवेणी परिसर स्थित मंच पर प्रस्तुतियां होंगी।
आदिवासी लोक कला अकादमी के अध्यक्ष नवल शुक्ल ने बताया कि पहले दिन 14 फरवरी को टकेश ठाकुर भर्रीटोला कांकेर, मोहन साहू बिरकोनी महासमुंद और नरोत्तम साहू करमतरा खैरागढ़ की प्रस्तुति होगी। अगले दिन 15 फरवरी को श्याम सुरवानी इंदामरा राजनांदगांव, रामसिंह साहू सूरजपुरा कवर्धा और परमेश्वर साहू मोहदी राजनांदगांव की प्रस्तुति होगी। अंतिम दिन 16 फरवरी की शाम ध्रुव कुमार साहू पचपेड़ी धमतरी, डोमार सिंह कुंवर लाटाबोड़ बालोद और गोवर्धन यादव पुरदा करेली दुर्ग की मंचीय प्रस्तुतियां होंगी। इनमें डोमार सिंह कुंवर को हाल ही में भारत सरकार ने पद्मश्री सम्मान देने की घोषणा की है।
