
भिलाई के रूआबांधा क्षेत्र की घटना

दुर्ग न्यूज, 22 फरवरी। भिलाई नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पंथी चौक में कल रात को 4 लोग एक साथ शराब पी रहे थे और उनके बीच अचानक हुए विवाद पर तीन ने मिलकर अपने पास रखे धारदार हथियार से एक युवक पर प्राणघातक हमला कर दिया। ताबड़तोड़ कई वार करने के कारण घटनास्थल पर ही युवक की मौत हो गई। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम सक्रिय हुई और रात में ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना रात्रि डेढ़ बजे की बताई गई है।
सीएसपी भिलाई नगर निखिल राखेचा (आईपीएस) ने बताया कि कल रात को पंथी चौक रुआबांधा के पास बैठकर चार लोगों में धरम राज सोनानी (24 वर्ष) निवासी गांधी चौक रुआबांधा बस्ती भिलाई, आरोपियों में बाली जाल पिता (20 वर्ष) निवासी सेक्टर-9 सड़क 32, सुमीत जाल (20 वर्ष) निवासी एमआईजी-1/219 हुडको, शंकर ताण्डी (23 वर्ष) निवासी सेक्टर-9, सड़क 32 भिलाई, शराब पी रहे थे। रात्रि 1:30 बजे के करीब धरम राज सोनानी एवं आरोपियों के साथ अचानक झगड़ा विवाद होने से आरोपीगण अपने पास रखे धारदार हथियार से मृतक के शरीर मे वार कर दिया जिससे धरम राज की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की पतासाजी कर देर रात उन्हें पकड़ पूछताछ की गई है। मारपीट में उपयोग किए गए चाकू भी जब्त कर लिया गया है।

