दुर्ग न्यूज 4 मार्च। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन जिला शाखा दुर्ग द्वारा मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम डिप्टी कलेक्टर जागेश्वर कौशल को ज्ञापन सौंपा गया।
दुर्ग फेडरेशन संभाग प्रभारी राजेश चटर्जी, संयोजक विजय लहरे, प्रवक्ता अनुरूप साहू का कहना है कि सितंबर 2022 में अनिश्चितकालीन हड़ताल के समय ठोस आश्वासन पर भरोसा करते हुए फेडरेशन ने अपना हड़ताल राज्य शासन के अपील पर लोकहित में स्थगित कर दिया था। प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को उम्मीद थी, कि राज्य सरकार उनको देय तिथि से महंगाई भत्ता एवं सातवें वेतनमान में गृह भाड़ा भत्ता स्वीकृत करने का निर्णय लेकर न्याय करेगा, शासन स्तर पर हुए बैठकों में फेडरेशन को दिए गए आश्वासन को पूर्ण करेगा। इस संबंध में राज्य शासन द्वारा समिति का गठन किया गया लेकिन समिति ने बैठकों में आज तक इसका कोई समाधान नहीं किया है। फेडरेशन से संबद्ध सभी संगठनों ने अपने संवर्ग से संबंधित अपने वेतन विसंगति ,समयमान वेतन, संवर्गीय पदोन्नति देय तिथि से महंगाई भत्ता ,सातवें वेतनमान में गृह भाड़ा भत्ता सहित 14 बिंदुओं पर प्रस्ताव पेश किया था। जिस पर शासन स्तर पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। साथ ही मौलिक अधिकार से संबंधित मुद्दों पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है इसके कारण प्रदेश के लाखों कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है।ऐसे परिस्थिति में फेडरेशन को आंदोलन में जाने के अलावा कहीं कोई रास्ता नहीं है, फेडरेशन का कहना है अपनी मांगों के लिए लड़ना पड़ेगा जो लड़ेगा वो जीतेगा। आज के ज्ञापन कार्यक्रम में जिला कलेक्टोरेट में कर्मचारी के प्रतिनिधियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदेश सरकार से कर्मचारी हित में निर्णय लेने मांग की।
आज धरना प्रदर्शन में प्रमुख रूप से डीएस भारद्वाज, प्रांताध्यक्ष, हरी शर्मा, संजय शर्मा, मोतीराम खिलाड़ी, बाबा चौहान, कुबेर देशमुख, श्रवण ठाकुर, राकेशचंद्र साहू, अशोक दिल्लीवार, डॉ वी के दास, राजेंद्र चंद्राकर, मनीष तिवारी, संजय सिंह, नवीन खोबरागड़े, श्रीमती मधु शर्मा, पुष्पा रामटेके,विजय प्रकाश मिश्रा ,नीलिमा राजपूत सहित अन्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
