

बघेल ने बताया पूरे छत्तीसगढ़ की उपलब्धि
भिलाई,12 मार्च। यूरोपियन देश बल्गारिया से पिछले महीने 45 वीं मिसेज यूनिवर्स प्रतियोगिता में मिसेज यूनिवर्स बेस्ट परफॉर्मेंस और मिसेज यूनिवर्स सेंट्रल पेसिफिक एशिया के दो खिताब अपने नाम कर लौटी प्रेरणा धाबर्डे को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सम्मानित किया।
बघेल ने शनिवार की शाम राजधानी रायपुर के डीडीयू सभागार में छत्तीसगढ़ मूर्तिकार चित्रकार संघ के तत्वाधान में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रेरणा को विशेष रूप से सम्मानित किया। इस दौरान अपने उद्बोधन में मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि यह उपलब्धि को प्रेरणा धाबर्डे की व्यक्तिगत या सिर्फ एक समाज विशेष की नहीं बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश की है। उन्होंने प्रेरणा को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के लोग अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना मुकाम हासिल कर रहे हैं और प्रदेश को गौरवान्वित कर रहे हैं, यह हम सबके लिए खुशी की बात है।
इस दौरान छत्तीसगढ़ के कलाकारों को प्रोत्साहित करने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कलाकार बोर्ड भी बनाने की इच्छा जाहिर की और कलाकारों को कम दर पर भूमि और बिजली की उपलब्धता के लिए कलेक्टरों को निर्देश जारी करने की बात कही।

