मंत्री बोलीं- नेताम ने नामांकन में दी थी गलत जानकारी, हमने केवल सच सामने लाया | Bolin- Netam gave wrong information in the nomination, we exposed the case of rape, the public did its work

Share this

कांकेर2 घंटे पहले

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-2.jpeg
  • कॉपी लिंक
दैनिक भास्कर ने मंत्री अनिला भेड़िया से खास बातचीत की। - Dainik Bhaskar

दैनिक भास्कर ने मंत्री अनिला भेड़िया से खास बातचीत की।

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-1.jpeg

छत्तीसगढ़ में भानुप्रतापपुर उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सावित्री मंडावी ने 21,171 वोटों से जीत दर्ज की है। कांग्रेस की जीत के बाद महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेड़िया ने दैनिक भास्कर से खास बातचीत की।

मंत्री ने उपचुनाव में जीत का पूरा श्रेय क्षेत्र की जनता को दिया है। इसके साथ ही भाजपा प्रत्याशी ब्रह्मानंद की हार पर उन्होंने तंज भी कसा है। अनिला भेड़िया का कहना है कि ब्रह्मानंद ने नामांकन में गलत जानकारी दी। जनता से झूठ बोला। हमने रेप का मामला उजागर किया और जनता ने अपना काम किया है।

पढ़िए अनिला भेड़िया के साथ खास बातचीत

सवाल- उपचुनाव में कांग्रेस ने प्रचंड मतों से जीत दर्ज की है। इसे कैसे देख रहीं हैं आप?

जवाब- चाहे शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज या फिर अन्य किसी भी क्षेत्र में हो छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने बेहतर काम किए हैं। इसी का परिणाम है कि भानुप्रतापपुर उपचुनाव में यहां की जनता ने कांग्रेस को भरपूर प्यार और आशीर्वाद दिया है। CG के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अंतिम व्यक्ति तक का विकास सोचते हैं। यह इसी का परिणाम है कि, जनता ने उपचुनाव में जिताया है।

सवाल- इस उपचुनाव में कांग्रेस की योजनाओं ने भाजपा को हराया है या फिर BJP प्रत्याशी पर जो रेप का केस चल रहा था वह उनकी हार की वजह बनी?

जवाब- भाजपा प्रत्याशी सरकार की योजनाओं के कारण हारे हैं। कांग्रेस का काम देख जनता ने वोट दिया है। योजना जन-जन तक पहुंची है। यही वजह है कि, चुनाव में प्रचंड मतों से सावित्री मंडावी जीती हैं।

सवाल- कांग्रेस ने ट्रंप कार्ड खेला और BJP प्रत्याशी ब्रह्मानंद का 3 साल पुराना मामला उजागर किया। क्या लगता है कांग्रेस का ट्रंप कार्ड कारगर साबित हुआ?

जवाब- यह व्यक्तिगत मामला है और लोगों की सोच भी व्यक्तिगत होती है। हम तो हमारी योजनाओं को लेकर ही लोगों तक पहुंचे थे। ब्रह्मानंद ने नामांकन फॉर्म में गलत जानकारी दी थी। उसको हम लोगों ने उजागर किया। बाकी जनता ने क्या सोचा या क्या नहीं यह नहीं मालूम। जनता का काम जनता का है। उन्होंने अपना काम कर दिया है। हमारी सरकार की योजना और मुख्यमंत्री की विकास की सोच को लेकर ही हमने चुनाव लड़ा था।

सवाल- यह जीत केवल उपचुनाव की जीत है या फिर 2023 के लिए आप लोगों ने बिगुल फूंक दिया है?

जवाब- बिल्कुल हमने बिगुल फूंक दिया है। लोगों को दिख रहा है कि मुख्यमंत्री की योजनाएं गरीब से लेकर व्यापारी तक पहुंच रही है। लोगों को इसका लाभ मिल रहा है। आने वाले साल में भी कांग्रेस की सरकार आएगी।

21 हजार वोटों से जीतीं

छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस का कब्जा हो गया । उपचुनाव की मतगणना में सावित्री मंडावी ने बड़ी जीत दर्ज की। उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम को 21हजार171 वोटों से हराया । इस बड़ी जीत के बाद कांग्रेस खेमे में जश्न का माहौल है। चुनाव परिणाम आने के बाद गुरुवार को कांग्रेस दफ्तर के बाहर जमकर आतिशबाजी की गई। मिठाइयां बांटी गई। यह लगातार पांचवा उपचुनाव है जिसमें कांग्रेस ने जीत हासिल की है।

जीत के बाद सावित्री मंडावी ने रोड शो कर जनता का आभार जताया। भास्कर से खास बातचीत में उन्होंने कहा कि वो जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगी। जो भी वायदे किए गए हैं, जल्द ही उन्हें अमल में लाया जाएगा।

भानुप्रतापुर उपचुनाव के नतीजों पर सीएम भूपेश बघेल ने बयान दिया कि सरकार पर लोगों का भरोसा कायम है। वहां पर मनोज मंडावी के किए हुए काम पर मुहर लगी है। भाजपा को वहां दूसरे-तीसरे स्थान पर रहने के लिए भी कड़ा संघर्ष करना पड़ा। सीएम ने ट्वीट कर जनता का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह सरकार के कामों पर जनता का विश्वास और दिवंगत मनोज मंडावी की जनसेवा का परिणाम है। हमने छत्तीसगढ़ में लगातार 5वां उपचुनाव जीता है। दिन-रात अथक मेहनत करने वाले कार्यकर्ता साथियों और संगठन प्रमुख मोहन मरकाम को बधाई।

इसके अलावा उन्होंने कहा कि रमन सिंह मुझे मुसवा, कुकर बोलते रहे। लेकिन असली बघवा जनता है और उन्होंने अपना रूप दिखाया है। यही वजह है कि भाजपा दूसरे-तीसरे पद के लिए लड़ती नजर आई। बीजेपी ने भानुप्रतापपुर में सबसे बड़े चुनावी मैनेजर को झोंक दिया था। मगर नतीजा सामने है।

उपचुनाव में कुल 1,41,662 वोट पड़े। कांग्रेस प्रत्याशी सावित्री मंडावी को 65,479 वोट, बीजेपी प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम को 44308 वोट और आदिवासी समाज के उम्मीदवार अकबर राम को 23,417 वोट मिले हैं। नोटा को 4251 वोट मिले हैं।

कांग्रेस में जश्न का माहौल

फाइनल रिजल्ट आने के बाद कांग्रेस जश्न में डूबी है। आबकारी मंत्री कवासी लखमा कार्यकर्ताओं के साथ ढोल-ताशों पर जमकर थिरकते नजर आए। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को जिताने के लिए भानुप्रतापपुर की जनता का धन्यवाद किया है।

उधर उपचुनाव में जीत के बाद मुख्यमंत्री भूपेश के भिलाई स्थित निवास पर भी जश्न देखने को मिला। वहां पर चरोदा नगर निगम के महापौर समेत 40 पार्षदों ने पटाखे फोड़कर और मुंह मीठाकर जश्न मनाया है।

उपचुनाव का स्ट्राइक रेट बरकरार

2018 में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद छत्तीसगढ़ में हर साल उपचुनाव हुए हैं। दंतेवाड़ा, चित्रकोट, मरवाही, खैरागढ़ में सत्ताधारी कांग्रेस के उम्मीदवारों ने एकतरफा जीत दर्ज की है। पिछले चार चुनाव में एकमात्र चित्रकोट सीट ही 2018 के आम चुनाव में कांग्रेस के खाते में थी। इसका मतलब है कि इन चुनावों में कांग्रेस का स्ट्राइक रेट 100% था। इस कार्यकाल में यह विधानसभा का पांचवा उपचुनाव था। पार्टी इस स्ट्राइक रेट को बरकरार रखी।

चार सालों में पांचवी बार उपचुनाव

छत्तीसगढ़ के 22 सालों में अब तक 13 बार उपचुनाव हो चुके हैं। अब तक सबसे अधिक चार उपचुनाव 2008-13 के दौर में हुए। उस समय देवव्रत सिंह के सांसद बन जाने से खाली खैरागढ़ सीट पर उप चुनाव हुए। केशकाल में महेश बघेल, भटगांव में रविशंकर त्रिपाठी और संजारी बालोद में मदनलाल साहू के निधन के बाद उप चुनाव की नौबत आई। 2018 से 2023 के पहले चार सालों में चार उपचुनाव पहले ही हाे चुके हैं। पहला उपचुनाव दंतेवाड़ा से भाजपा विधायक भीमा मंडावी की हत्या के बाद कराया गया। दीपक बैज के सांसद चुन लिए जाने पर चित्रकोट में नया विधायक चुना गया। अजीत जोगी के निधन से खाली मरवाही विधानसभा और देवव्रत सिंह के निधन से खाली खैरागढ़ में उपचुनाव हुआ है। पिछले चार सालों में यह पांचवां उपचुनाव था। इस लिहाज से यह भी अपने आप में रिकॉर्ड है।

खबरें और भी हैं…

Share this
READ MORE  PSC घोटाला: पूर्व चेयरमैन सोनवानी सहित कई लोगों के खिलाफ FIR दर्ज