
भिलाई नगर, 26 अप्रैल। छत्तीसगढ़ बीजेपी प्रदेश प्रभारी ओम माथुर मंगलवार को दुर्ग पहुंचकर संभाग के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक ली। जिसमें उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव हर हाल में जीतना होगा। इसके लिए उन्हें केंद्र सरकार की योजना को जन-जन को बताना होगा। यह काम कार्यकर्ता के बिना संभव नहीं है। पदाधिकारी कार्यकर्ता को पूरा महत्व और सम्मान दें जिससे वो पूरे जोश और ताकत से पार्टी हित में काम करे।

प्रदेश प्रभारी ओम माथुर पहली बार दुर्ग पहुंचे और दो महत्वपूर्ण बैठक ली। पहली बैठक दुर्ग शहर विधानसभा के शक्ति केंद्र के प्रभारी संयोजक, सहसंयोजक एवं मंडल के पदाधिकारियों की थी। इसके बाद दुर्ग संभाग के प्रमुख भाजपा के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक ली गई। बैठक में उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में बिना कार्यकर्ता लोगों तक नहीं पहुंचा जा सकता। कार्यकर्ता ही पार्टी की आत्मा हैं, इसलिए उसे छोटा समझकर नजरंदाज नहीं किया जा सकता। प्रदेश प्रभारी की मौजूदगी में भाजपा महिला मोर्चा ने 20 से अधिक महिलाओं को भाजपा की सदस्यता दिलाई।

श्री माथुर ने भूपेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में जब से भूपेश बघेल की सरकार बनी है तब से लगातार प्रदेश का हर वर्ग अपने आप को ठगा महसूस कर रहा है। छत्तीसगढ़ को विकसित, समृद्ध राज्य बनाने का अटलजी का सपना पूरा करना है। राजनीति का ये अटल सत्य है कि हर बड़े नेता के पद के सामने पूर्व शब्द जुड़ना तय है और पूर्व हो जाने के बाद क्या स्थिति होती है, वो सबको मालूम है। आज नहीं तो कल सबको पूर्व होना ही है इसलिए अपने कार्यकर्ता के साथ हमेशा सहज और सरल व्यवहार करना चाहिए। पद का घमंड कार्यकर्ताओं को नहीं दिखाना चाहिए, क्योंकि कार्यकर्ता भाजपा की आत्मा हैं। अगर हम बूथ जीतते हैं तो हम चुनाव निश्चित तौर जीत जाएंगे।
