
दुर्ग, 2 मई। कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा ने सोमवार को जिला चिकित्सालय दुर्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आर्थाे, सर्जरी, ईएनटी,आई एवं मेडिसिन ओपीडी में विशेषज्ञ उपलब्ध मिले। मानसिक ओपीडी एवं स्किन ओपीडी में विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं थी। मानसिक ओपीडी में कलेक्टर द्वारा स्टॉफ से विशेषज्ञ के ओपीडी में आने एवं जाने के संबंध में पूछताछ करने पर बताया गया कि मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. आंकाक्षा गुप्ता दानी जब से जिला चिकित्सालय दुर्ग में सेवायें दे रही है तब से प्रतिदिवस 10 से 10.15 के बीच ओपीडी में उपस्थित होती हैं एवं 12 से 12.15 के मध्य ओपीडी से चली जाती हैं और सायंकालीन ओपीडी में नहीं आती है। चर्म रोग ओपीडी में चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. पूजा पाण्डेय उपलब्ध नहीं थी। जिसके संबंध में कलेक्टर द्वारा ओपीडी में उपस्थित स्टॉफ से उनके आने एवं जाने का समय पूछने पर उनके द्वारा बताया गया है कि चर्म रोग विशेषज्ञ जिला चिकित्सालय में प्रति दिवस ओपीडी में 9.40 बजे के बाद उपस्थित होती हैं तथा दोपहर 12 बजे ओपीडी से चली जाती हैं। साथ ही सायंकालीन ओपीडी में नहीं आती है। उनके द्वारा नान ईडीएल दवाईयों को मरीजों की पर्ची में लिखा जाता है जिसे एक निर्धारित दवा दुकान से खरीदने के लिये कहा जाता है। कलेक्टर द्वारा निर्देश दिये गये हैं कि समस्त विशेषज्ञ / चिकित्सा अधिकारी द्वारा बायोमेट्रिक मशीन पर अपनी उपस्थित दर्ज की जानी है। बायोमेट्रिक मशीन द्वारा जनरेटर रिपोर्ट के आधार पर ही वेतन का भुगतान किये जाने के निर्देश दिये गये हैं।

