
दुर्ग न्यूज, 30 जून। दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र में पिछले साल हुई एक बड़ी चोरी का आरोपी आज पकड़ लिया गया है। छिपता फिर रहा यह आरोपी घटना के साल भर बाद चोरी के जेवर सराफा में बेचने निकला तो पुलिस ने इसे धरदबोचा।


सीएसपी वैभव बैंकर ने बताया कि आरोपी पितांबर राव पिता पुरुषोत्तम राव (55 वर्ष) निवासी दीपक नगर, सड़क नंबर 7 निरंकारी भवन के पास दुर्ग से चोरी के 4 लाख 50 हजार रूपये के सोने का जेवरात बरामद कर लिया गया है। दुर्ग सिविल टीम एवं थाना मोहन नगर की इस संयुक्त कार्यवाही में विशेष टीम द्वारा लगातार पुराने नकबजनी एवं पुराने चोरी के मामले में चालान हुए आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही थी। इसी दौरान मुखबीर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि दीपक नगर निवासी पितांबर राव नामक व्यक्ति एक दिन पूर्व सोने का जेवरात लेकर बेंचने के फिराक में घूम रहा था। सूचना पर तत्काल सिविल टीम दुर्ग एवं थाना मोहन नगर पुलिस द्वारा मुखबीर के बताये हुलिये के आधार पर दीपक नगर क्षेत्र के मालवीय नगर चौक के पास घेराबंदी कर संदेही पितांबर राव को हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में संदेही आरोपी लगातार पुलिस को गुमराह कर रहा था लेकिन सघन एवं निरंतर पूछताछ में पितांबर राव ने मोहन नगर थाना अंतर्गत सिंधिया नगर क्षेत्र से एक वर्ष पूर्व चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी द्वारा पुलिस को ले जाकर घटना स्थल को बताया गया जहां वह घर के पीछे दरवाजे से घुसा था। जिसका यह मकान है वो लोग परिवार के साथ रूम में सोते थे वहीं की आलमारी से सोने के जेवर एवं नगदी रकम को पितांबर चोरी कर निकल गया था। चोरी के जेवरात अपने ही घर पर छिपाकर वह रखे रहा तथा नगदी रकम खर्च कर चुका है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किये गए सोने के जेवरात को आरोपी के घर से बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी का पूर्व में भी चोरी के कई मामलों में चालान हो चुका है। मामले की अग्रिम कार्यवाही थाना मोहन नगर से की जा रही है। आरोपी से एक सोने का मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने का कंगन, चार लेडिस अंगूठी, दो जेंट्स अंगूठी, तीन जोड़ी कान का टाप्स, पांच ग्राम सोने का सिक्का जब्त हुआ है।
