

मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर अमल सुनिश्चित करने दिए निर्देश
दुर्ग न्यूज, 12 अगस्त। दुर्ग संभाग के आयुक्त महादेव कावरे ने आज दाऊ श्री वासुदेव चन्द्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय अंजोरा के सभाकक्ष में दुर्ग संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ की बैठक ली। संभागायुक्त श्री कांवरे ने कहा कि सड़कों पर पशुओं के कारण हो रही दुर्घटनाओं के रोकथाम हेतु संभाग के सभी जिलों में कारगर पहल किया जाए। उन्होंने इस संबंध में जिलेवार प्रस्तुत पावरपाइंट प्रेजेटेंशन का अवलोकन किया। उन्होंने जिलों में किये जा रहे प्रयासों पर संतुष्टि व्यक्त करते हुए अच्छे कार्य को सभी जिलों में अनुकरण करने तथा जनजागरूकता से सड़क दुर्घटना रोकने की बातें कही। आयुक्त ने कहा कि समय-सीमा से बाहर वाले राजस्व प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसी प्रकार मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर जिले में अमल सुनिश्चित किया जाए। श्री कांवरे ने सभी कलेक्टरों को आगामी विधानसभा चुनाव के आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील होने के पूर्व सभी निर्माण कार्य पूर्ण कराने, मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान निर्धारित आयु वाले सभी युवकों का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने का पहल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी भी अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वायें। नगरीय निकायों में अवैध निर्माण, नियमितीकरण के लंबित प्रकरण का निराकरण करायें। खाद विक्रय केन्द्रों का निरीक्षण व नकली खाद के संबंध में नियमित जानकारी भिजवाना सुनिश्चित करें। जिलों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत किसानों का केवायसी एवं आधार पंजीयन पर ध्यान दें। वर्षाजनित मौसमी बीमारियों पर नजर रखी जाए। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप सामाजिक संस्थाओं को भूमि आबंटन समय पर हो। राजीव गांधी किसान न्याय योजना अंतर्गत सत्यापन कार्य पूर्ण कर लिया जाए। संभागायुक्त ने कलेक्टरों को अवगत कराया कि उनके द्वारा तहसील कार्यालय निरीक्षण के दौरान कैश बुक अद्यतन नहीं होना पाया गया। उन्होंने कहा कि सभी तहसील कार्यालयों का कैश बुक कम्प्लीट कराकर बैंक खातों से राशि मिलान कराई जाए। इसी प्रकार तहसीलदार, नायब तहसीलदार का अग्रिम दौरा कार्यक्रम में कलेक्टर से अनुमोदन होना चाहिए। संभाग आयुक्त ने कहा कि जिलों में जल-जीवन मिशन का कार्य गुणवत्तायुक्त होना चाहिए। जिला स्तर के नियुक्तियों के लिए प्रत्येक कार्यालय में संपर्क अधिकारी नियुक्त किया जाए। इसी प्रकार सभी जिला कार्यालय में अनुसचित जाति/अनुसूचित जनजाति वर्ग के अधिकारी-कर्मचारियों की शिकायत दर्ज करने पृथक से पंजी संधारण किया जाए। संभागायुक्त श्री कावरे ने कहा कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण लंबित होने पर इसका कारण दर्ज होना चाहिए। बैठक में संभाग के उपायुक्त (राजस्व) अवधराम टंडन, उपायुक्त (विकास) अजय मिश्रा एवं कलेक्टर दुर्ग पुष्पेन्द्र कुमार मीणा, कलेक्टर राजनांदगांव डोमन सिंह, कलेक्टर कबीरधाम जन्मेजय मोहबे, कलेक्टर बेमेतरा पदुम सिंह एलमा, कलेक्टर बालोद धर्मवीर शर्मा, कलेक्टर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई गोपाल वर्मा एवं कलेक्टर मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी एस. जयवर्धने तथा सभी जिलों के जिला पंचायत सीईओ उपस्थित थे।

