
दुर्ग न्यूज, 16 सितंबर। भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के 1993 बैच के वरिष्ठ अधिकारी राहुल नवीन को ईडी के प्रभारी निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया है। ईडी के मौजूदा निदेशक संजय मिश्रा का कार्यकाल 15 सितंबर को समाप्त हो गया। उन्होंने लगभग चार साल 10 महीने तक ईडी निदेशक के रूप में काम किया। उनका कार्यकाल बढ़ाने के लिए सीवीसी अधिनियम में संशोधन भी किया गया था।

ज्ञात हो कि संजय कुमार मिश्रा ने 2018 में ईडी निदेशक का पद संभाला था। इसके बाद उन्हें विस्तार दिया गया था। वे 1984 बैच के आईआरएस अधिकारी हैं और उनका कार्यकाल 18 नवंबर 2023 तक निर्धारित था। उनके तीसरे सेवा विस्तार को अमान्य करते हुए बीती 11 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने पद छोड़ने का निर्देश दिया था।
केंद्र सरकार ने श्री मिश्रा को ईडी निदेशक के लिए तीसरी बार सेवा विस्तार दिया था. जो 18 नवंबर 2023 तक निर्धारित था. सुप्रीम कोर्ट ने इस विस्तार को अमान्य करार दिया था।

सुप्रीम कोर्ट ने 15 सितंबर तक पद पर रहने अनुमति दी
सरकार ने अदालत से संजय मिश्रा को 15 अक्टूबर तक पद पर बने रहने की अनुमति देने के लिए कहा था। जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने 27 जुलाई को एक विशेष सुनवाई में संजय मिश्रा का कार्यकाल 15 सितंबर, 2023 तक बढ़ा दिया था।
विस्तार के खिलाफ याचिका
बता दें कि, केंद्र सरकार ने 2020 में संजय मिश्रा को एक साल का सेवा विस्तार दिया था. इसके बाद नवंबर 2022 में भी उन्हें एक साल का सेवा विस्तार दिया गया था। कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला, जया ठाकर द्वारा इसके खिलाफ याचिका दायर की थी।
