
दुर्ग न्यूज, 4 अक्टूबर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रायगढ़ में आयोजित भरोसे के सम्मलेन में कहा कि छत्तीसगढ़ में भरोसे का सम्मेलन हो रहा है। ऐसा सम्मेलन शायद देश के किसी कोने में नहीं हुआ होगा। ये पहली बार है कि सम्मलेन छत्तीसगढ़ में हो रहा है और सीएम नेतृत्व कर रहे हैं। भरोसे का सम्मेलन नहीं बल्कि भरोसे का अनुष्ठान हो रहा है। किसानों,युवाओं और महिलाओं की मदद कर अनुष्ठान करने के लिए ये सम्मेलन किया जा रहा है। मुझे खुशी है कि मेरी अध्यक्षता में यह सम्मेलन हो रहा है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे प्रदेश दौरे पर हैं। इस दौरान वे आज रायगढ़ के कोड़ा तराई में आयोजित भरोसे के सम्मलेन में शामिल हुए। मंच पर कांग्रेस सरकार के मंत्री और विधायक मौजूद थे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जनसभा को संबोधित किया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मेरे जीवन में भी इस सम्मेलन के जरिए नया इतिहास आपके साथ आज बन गया है। केंद्र सरकार नगरनार स्टील प्लांट का निजीकरण करने जा रही है। 2009 में यह शुरू हुआ था मोदी सरकार इसे आगे नहीं बढ़ा पाई। जब निजी हाथों में वह देंगे तभी तो कुछ मिलेगा। आपको इसके लिए मजबूती से लड़ना होगा। क्योंकि इसका फायदा गरीबों को, युवाओं को, मजदूरों को मिलने वाला है। हजारों लोगों को नौकरी मिलेगी। मोदी हमेशा अच्छे इंस्ट्रूमेंट्स को खराब करते हैं। कांग्रेस मदद करती है मोदी बेचते जाते हैं। मोदी छीनते जाते हैं। पैसे वालों के पास कोई दुख दर्द नहीं है। अच्छे से रहने के लिए जीवन बिताने के लिए पैसे हैं। लेकिन गरीब पेट भरने के लिए काम करता है। इसीलिए सोनिया गांधी ने नरेगा योजना लाई। लाखों लोगों को काम दिया। सेंट्रल से जब फंड नहीं आता तो काम रुक जाता है लेकिन यहां काम रुका नहीं। भूपेश बघेल और मंत्रिमंडल ने मिलकर सरकार को आगे बढ़ाया सरकार को चलाया।
पांच सालों में 1 लाख 75 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा पांच सालों में डायरेक्ट बेनिफिट योजनाओं से आम लोगों की जेब में डाले गए हैं। यही कारण है कि छत्तीसगढ़ में विगत 5 सालों में 40 लाख से ज्यादा लोग गरीबी से बाहर आए हैं। जितना कहती है छत्तीसगढ़ सरकार उससे ज्यादा करती है। पहले 27 जिले थे आज 33 जिले हैं, तहसीलों की संख्या भी बढ़ी है। लोगों की आमदनी बढ़ी है।
