दुर्ग न्यूज़, 10 अक्टूबर। भिलाई निगम क्षेत्र में विधानसभा निर्वाचन हेतु प्रभावशील आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए निगम भूमि में किये जा रहे अवैध बोर खनन कार्य को बंद करवा कर बोर खनन मशीन को निगम ने जब्त कर थाना खुर्सीपार के सुर्पुद किया।
खुर्सीपार वार्ड 46 में सरजू किराना स्टोर्स के पास सड़क पर बिना अनुमति के बोर खनन का कार्य किया जा रहा था, जिसकी सूचना मिलने पर निगम का दल वहां पहुंचा और वाहन चालक कृष्णा मरकाम से बोर खनन हेतु अनुमति पत्र प्रस्तुत करने को कहा जिस पर वाहन चालक ने अपनी असर्मथता व्यक्त की। निगम की टीम बोर खनन कार्य में लगे वाहन क्रमांक टीएन 18 एए 5744 को जब्त कर थाना खुर्सीपार में जमा करवाया और इसकी सूचना उच्चाधिकारी को दी गयी।
इधर जोन 5 सेक्टर 7 में ओवर ब्रिज के नीचे पिल्लर पर किये गये राजनैतिक प्रचार के दीवार लेखन का अपलेखन करने गये निगम के जोन अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ कुछ युवकों ने विरोध करते हुए गाली गलोज एवं हाथापाई की गई। जिसकी सूचना निगम टीम ने उच्चाधिकारियों को देकर कोतवाली थाना सेक्टर 6 में शासकीय कार्य में बाधा के तहत प्राथमिकी दर्ज करने आवेदन प्रस्तुत किया गया। शिकायत पर पुलिस ने शंकर एवं अन्य साथियों को गिरफ्तार किया है।
