
बीजापुर17 घंटे पहले

- कॉपी लिंक

विदेशी हथियार के साथ तीनों को गिरफ्तार किया गया है।
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में US मेड पिस्टल और 3 राउंड के साथ पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिन्हें दंतेवाड़ा के NIA कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि, ये तीनों नक्सल सहयोगी हैं। जो पिस्टल समेत राउंड को नक्सलियों को पहुंचाने जा रहे थे। हालांकि, मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। मामला जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, भैरमगढ़ के संजयपारा के रहने वाले संतोष गुप्ता के पास जिंदा कारतूस है। मुखबिर के बताए अनुसार पुलिस ने संतोष को पकड़ा। तलाशी लेने पर 3 नग जिंदा कारतूस बरामद किए गए। जिसकी पेंदी में KF325BWL मार्का खुदा हुआ था। जब इससे पूछताछ की गई तो इसने बताया कि, 2 व्यक्ति पिस्टल देने आने वाले हैं।

पिस्टल और गोलियां बरामद की गई।
जिसके बाद पुलिस भैरमगढ़ के पुराने बस स्टैंड के पास निगरानी रखी हुई थी। संतोष के बताए अनुसार एक सफेद रंग की हीरो एक्सट्रीम मोटर सायकल क्रमांक CG 20 J 6404 में बीजापुर से सवार होकर दो युवक पहुंचे। जिन्हें हिरासत में लिया गया। पुछताछ में एक ने अपना नाम प्रिंस शर्मा निवासी बीजापुर बताया। दूसरे ने विजय साहू निवासी जगदलपुर होना बताया। जिसके बाद पुलिस ने दोनों की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान प्रिंस के कब्जे से 1 पिस्टल बरामद किया गया। जिसमें Made in USA लिखा हुआ था। पिस्टल के बैरल में USA का मार्का खुदा हुआ था। हथियार मिलने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिर तीनों से जब पूछताछ की गई तो उन्होंने पुलिस को बताया कि वे ये हथियार नक्सली हूंगा को सप्लाई करने जा रहे थे। लेकिन, पुलिस ने पहले ही नक्सलियों की इस सप्लाई चेन को तोड़ दिया। तीनों आरोपियों को दंतेवाड़ा की NIA कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया है।

विस्फोटक के साथ इन्हें किया गया गिरफ्तार।
विस्फोटक के साथ पकड़े गए 3 और सप्लायर
इधर, बीजापुर के बासागुड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने भारी मात्रा में विस्फोटक के साथ 3 और नक्सल सहयोगियों को गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि, पोलमपल्ली डोगल चिंतावागु नाला के पास 3 संदिग्ध लोग हाथ में थैला पकड़े हुए थे, जो पुलिस पार्टी को देखकर भागने लगे। जवानों ने तीनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।

ये विस्फोटक हुआ बरामद।
पूछताछ में तीनों ने अपना नाम शेख फरीद (24), मद्दी सत्यनारायण रेड्डी (57), और शेख मोमिन (35) बताया। तलाशी लेने के बाद कॉर्डेक्स वायर, डेटोनेटर, जिलेटीन, सेफ्टी फ्यूज, इलेक्ट्रिक वायर, फ्यूज वायर बरामद किया गया। पूछताछ में इन्होंने बताया कि ये सामान नक्सली LOS कमांडर शंकर को देने जा रहे थे।
