
दुर्ग न्यूज़, 1 नवंबर। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को दृष्टिगत रखने के साथ ही आदर्श आचार संहिता के परिपालन में पुलिस के समस्त राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में थाना प्रभारियों सहित पुलिस बलों द्वारा जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में फिक्स चेकिंग पाईंट लगाने के साथ ही पैदल पेट्रोलिंग कर समस्त प्रकार के वाहनों में अवैध रूप से शराब परिवहन, चुनाव से संबंधित अन्य सामग्री व संदिग्ध वस्तुओं की सघन चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर रखी जा रहीं है।

इसी तारतम्य में थाना आमानाका क्षेत्रांतर्गत कुम्हारी टोल नाका के पास चंदनडीह एसएसटी चेकिंग पॉइंट तथा थाना आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा दोपहिया/चारपहिया वाहनों की चेकिंग की जा रहीं थी। इसी दौरान इनोवा क्रिस्टा वाहन क्रमांक सीजी/07/सीजी/8800 को टीम के सदस्यो द्वारा रोककर बैग को चेक किया गया। बैग को चेक करने पर उसमें नगदी रकम पाया गया। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम लालचंद खत्री पिता स्व. बिजलदास खत्री उम्र 56 साल पता कंवर नगर पॉलीटेक्निक कॉलेज के सामने दुर्ग का होना बताया।

नगदी रकम के संबंध में पूछताछ करने एवं वैध दस्तावेज की मांग करने पर उसके द्वारा नगदी रकम के संबंध में किसी प्रकार का कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा लालचंद खत्री के पास रखें नगदी रकम 33,50,300/- रूपये को धारा 102 जाफौ के तहत थाना आमानाका में जब्त कर इसकी सूचना आयकर विभाग को दी गई।
