सुपेला संडे मार्केट में चला बेदखली अभियान, यातायात दुरुस्त करने भिलाई निगम की कार्रवाई

Share this

दुर्ग न्यूज़, 27 नवंबर। भिलाई में सुपेला घड़ी चौक से गदा चौक के बीच सड़क के दोनो किनारे दुकान के बाहर किये अतिक्रमण तथा सडक पर अवैध रूप से व्यवसाय करने वालों को बेदखल कर निगम व पुलिस ने संडे मार्केट में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया।

निगम आयुक्त रोहित व्यास के निर्देश पर निगम ने रविवार को सुपेला घडी चौक से गदा चौक के बीच लगभग 20 दुकानों के सामने से सड़क के दोनों किनारे पर बाँस बल्ली, टीन शेड से किये गये अतिक्रमण को निगम ने जेसीबी से बेदखल किया। रविवार की सुबह 8 बजे से अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी के नेतृत्व मे जोन एक एवं दो की टीम पुलिस प्रशासन के साथ सड़क के दोनों किनारे पर व्यवसाय करनेवाले फल ठेला, खोमचा, रेहडी, पसरा व्यापारी को सड़क पर व्यवसाय नहीं करने की समझाइश देकर हटाया और मार्केट में दुकानदारों से दुकान के बाहर तखत रख कर अथवा बाँस बल्ली, टीन शेड डाल कर किए अतिरिक्त कब्जे को हटाने कहा। निगम का अमला 3 स्थान पर सडक किनारे रखे बिल्डिंग मटेरियल को जेसीबी से डम्पर में डाल कर जब्त किया। उसी प्रकार गदा चौक के पहले एक स्थान पर काफी दिनो से रखे कंडम कार का पतासाजी करने पर कोई वाहन मालिक सामने नहीं आने पर यातायात पुलिस की टीम ने हैड्रा वाहन से लिफ्ट कर जब्त किया गया। पुराना मछली मार्केट जिसे निगम ने पार्किंग स्थल घोषित किया है उस स्थल के एक हिस्से में भी सेकेंड हेंड फर्नीचर के व्यापारी ने अपना व्यवसाय फैला रखा था उसे बेदखल किया गया। सड़क पर गुरूद्वारा के बाद आगे बढने पर नाला के पास जहाँ से सड़क की चौडाई बढ जाती वहाँ से सडक के दोनो ओर आबंटित दुकानदार अपने दुकान के बाहर लगभग दस से पन्द्रह फीट बाँस बल्ली, टीन शेड से अतिरिक्त कब्जा कर अपना व्यवसाय कर रहे थे उस अस्थायी शेड को निगम ने हटाया । पूरी कार्यवाही के दौरान व्यापारियों ने निगम के कार्य मे अपना सहयोग दिए और अनेक व्यवसायी स्वस्फूर्त होकर अपने अतिरिक्त कब्जे को समेटते नजर आये।
कार्यवाही में अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी, तहसीलदार गुरूदत्त पंचभाई, यातायात पुलिस उप अधीक्षक पीडी चन्द्रा,जोन आयुक्त खिरेन्द्र भोई, अभियंता नितेश मेश्राम, बसंत देवांगन, श्वेता महेश्वर, बालकृष्ण नायडू, धीरज साहू, जेपी.तिवारी, अनिल मिश्रा, कमलेश द्विवेदी, संजय शर्मा, राजेश गुप्ता, अंजनी सिंह, अरूण सिंह, मान सिंह, गुप्तानंद तिवारी, सुपेला थाना तथा यातायात पुलिस के पुरूष एवं महिला बल उपस्थित रहे।

Share this
READ MORE  भिलाई निगम के मुख्य व सभी जोन कार्यालय में उपलब्ध महतारी वंदन योजना के फाॅर्म