

???? मृतक प्रेम उर्फ रॉकी मंडल दो वर्ष पूर्व हत्या के मामले का था आरोपी, वारदात में प्रयुक्त डण्डा, लाठी एवं पत्थर बरामद
दुर्ग न्यूज़, 18 दिसंबर। कल पुलिस को मोबाईल से सूचना मिली थी कि प्रेम उर्फ रॉकी नामक लड़के को बघेरा दुर्ग में कुछ लोगों ने हाथ, मुक्का, डण्डा एवं पत्थर से मारपीट कर बघेरा रोड किनारे नाली में डाल दिया है। सूचना पर तत्काल एसएसपी ने टीम गठित कर मौके पर भेजा। टीम ने देखा कि एक लड़का बघेरा रोड किनारे पानी नाली में चित अवस्था में पड़ा है जिसके चेहरे, सिर एवं सीने में चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं। टीम ने घटना के हालात से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया।

एसएसपी रामगोपाल गर्ग ने निरीक्षक नरेश पटेल, प्रभारी एसीसीयू एवं थाना प्रभारी महेश कुमार ध्रुव के नेतृत्व में टीम को शीघ्र विवेचना का आदेश दिया नतीजतन मृतक के परिजन विवेक मंडल, राहुल सोनकर एवं सौरभ चंद्रवंशी से पूछताछ की गयी। उन्होंने बताया कि ग्राम बघेरा के पप्पू किराना दुकान के पास सिगरेट पीने की बात को लेकर आरोपी रघुनाथ मंडावी, भूपेश साहू, अविनाश उर्फ बउवा मंडावी, चंद्रकांत उर्फ चिन्टू ठाकुर, आकाश मंडावी एवं एक विधि से संघर्षरत् बालक के द्वारा हाथ, मुक्का, डण्डा से मारपीट एवं पत्थर पटक कर हत्या की गयी है। इस मामले के नामजद आरोपीगणों की पता तलाश करने के लिए पृथक पृथक 3 टीम तैयार कर अलग-अलग दिशाओं में रवाना की गयी। एफएसएल की टीम भी मौका स्थल पहुँची। आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ बाद आज घटना में प्रयुक्त लाठी, डण्डा एवं पत्थर के साथ मृतक प्रेम उर्फ रॉकी मंडल के द्वारा पकड़े हुए चाकू को नाली से तलाश कर बरामद कर जब्त किया गया। आरैपी रघुनाथ मंडावी उम्र 22 वर्ष, भूपेश साहू 21 वर्ष, अविनाश उर्फ बउवा मंडावी 20 वर्ष, चंद्रकांत उर्फ चिन्टू ठाकुर 26 वर्ष, आकाश मंडावी 20 वर्ष और एक विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को गिरफ्तार किया गया है। मृतक प्रेम उर्फ रॉकी मंडल उम्र 27 वर्ष पता पंचशील नगर दुर्ग का रहने वाला था तथा वह भी दो वर्ष पूर्व हुई एक हत्या के मामले में आरोपी था।
सीएसपी दुर्ग मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि दुर्ग जिले के कोतवाली थाना अंतर्गत जो बघेरा है वहां एक बॉडी मिली थी समुदायिक भवन के पास, जिस पर तुरंत मामले को जांच में लिया गया। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि मृतक साथ मारपीट की गयी थी, मारपीट के दौरान ही उसकी मृत्यु हुई है। जांच में हमको छ: का नाम आया था जिनकी गिरफ्तारी की जा चुकी है। युवक वहां पर सिगरेट पीने के लिए गया हुआ था। सिगरेट पीने के दौरान वह एक महिला के ऊपर सिगरेट का धुआं उड़ा रहा था जिस पर महिला द्वारा आपत्ति व्यक्त की गई। इसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। उसके परिवार के सदस्यों द्वारा मना किया गया तब भी मृतक युवक द्वारा महिला से मारपीट की गई। जिस पर मोहल्ले वालों में
शांति व्यवस्था स्थापित करते हुए उनको वापस भेज दिया था। बाद में जब तक वह फिर से वापस आया और फिर से आकर गाली गलौज कर उनसे उलझने लग गया तो मोहल्ले के लड़कों के द्वारा उसके साथ मारपीट की गई जिसमें उसकी मृत्यु हुई है। मृतक पूर्व में भी एक मर्डर केस में जेल जा चुका था और बाद में अदालत द्वारा उसे बरी किया गया था। पकड़े गए छ: आरोपियों के बारे में भी इनका पूरा बैकग्राउंड तलाशा जा रहा है कि इससे पूर्व किसी अपराध में वो शामिल तो नहीं हैं। इस मामले में पहले मर्ग कायम कर विवेचना की जा रही थी अब धारा 302 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
